Rohit Sharma: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करियर को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि टेस्ट मैच के दौरान वह अक्सर घबराहट महसूस करते थे और इसी वजह से रात-रात भर जागते रहते थे। रोहित ने यह भी बताया कि देर रात भूख लगने पर वह क्या खाना पसंद करते थे। रोहित ने बताया कि टेस्ट क्रिकेट उनका पसंदीदा फॉर्मेट था और शायद यही वजह थी कि इसको लेकर वह सबसे ज्यादा दबाव में रहते थे।
रोहित को टेस्ट मैच खेलते समय होती थी घबराहट
रोहित शर्मा ने अपने टीवी शो 'फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा' में कहा, "मैं झूठ नहीं बोलूंगा, जब भी मैं टेस्ट मैच खेलता था तो अंदर बहुत घबराहट होती थी। टेस्ट मेरा फेवरेट फॉर्मेट था।" उन्होंने बताया कि कोई भी फॉर्मेट आसान नहीं होता, लेकिन टेस्ट की चुनौतियां अलग होती हैं। उन्होंने कहा, "टेस्ट मैच खेलना आसान नहीं होता। मैं टेस्ट के लिए हमेशा नर्वस रहता था और इसी घबराहट में मुझे नींद नहीं आती थी। मैं रात भर जागता रहता था।" इसी दौरान उन्हें भूख लगती थी और तब वह अपना कंफर्ट फूड खाते थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा या गिल नहीं, वेस्टइंडीज सीरीज में इस भारतीय ओपनर को मौका देना चाहते हैं इरफान पठान
रात भर जगने के बाद क्या खाते थे रोहित शर्मा
रोहित का कंफर्ट फूड कोई बाहर का स्नैक नहीं, बल्कि उनकी मां के हाथ के बने केले के वेफर्स थे। उन्होंने बताया, "जब आप रात भर जगे रहते हो तो कुछ खाने का मन करता है। इसलिए मैं हमेशा अपना कंफर्ट फूड साथ रखता था, जो मेरी मम्मी बना के देती थी, और वह बनाना वेफर्स था।" खास बात यह है कि ये वेफर्स तले हुए नहीं होते थे। रोहित ने बताया कि उनकी मां इसे बेक करती थीं, ताकि यह हेल्दी और हल्का स्नैक बना रहे। रोहित हमेशा इसे अपने किट बैग में रखते थे और जब भी मन करता, इसे खा लेते थे। गौरतलब है कि रोहित ने साल 2013 से 2024 तक भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले। उन्होंने इस फॉर्मेट में 40.57 की औसत से 4301 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं।
