क्रिकेट

रोहित शर्मा या गिल नहीं, वेस्टइंडीज सीरीज में इस भारतीय ओपनर को मौका देना चाहते हैं इरफान पठान

Irfan Pathan on Yashasvi Jaiswal: इरफान पठान का मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज एक तरह से भारत की बी टीम की परीक्षा है। नमन धीर को पहली बार टीम इंडिया में बुलाया गया है, वहीं आकिब नबी और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे युवा भी स्क्वॉड में हैं।

Image

शुभमन गिल और रोहित शर्मा (फोटो साभार- BCCI/X)

Irfan Pathan on Yashasvi Jaiswal: भारत को 27 सितंबर से तिरुवनंतपुरम में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली इस सीरीज को लेकर बड़ा बयान दिया है। पठान ने कहा है कि इस सीरीज में सबकी नजरें कप्तान शुभमन गिल या रोहित शर्मा पर नहीं, बल्कि बैक-अप ओपनर यशस्वी जायसवाल पर होनी चाहिए। टीम इंडिया इसी दौरान एशियाई खेलों में भी हिस्सा ले रही है, इसलिए वनडे टीम में कई बड़े नाम नहीं हैं। श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर एशियाई खेलों के लिए गई टी20 टीम में हैं, ऐसे में वनडे में युवाओं को मौका मिला है।

'यशस्वी जायसवाल को मिलने चाहिए मौके'

इरफान पठान ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा कि मैनेजमेंट को यशस्वी जायसवाल को ज्यादा से ज्यादा मौके देने चाहिए। पठान ने कहा, "मैं इस सीरीज में सिर्फ एक खिलाड़ी को देखना चाहता हूं, वह है यशस्वी जायसवाल। वह हमारे तीसरे ओपनर हैं और बैक-अप के तौर पर बहुत अहम हैं। 2027 वर्ल्ड कप से पहले ऐसा नहीं होना चाहिए कि हमारे बैक-अप ओपनर को मैच प्रैक्टिस ही न मिली हो।"

जायसवाल के पास बड़ा मौका

पठान का मानना है कि यह सीरीज एक तरह से भारत की बी टीम की परीक्षा है। नमन धीर को पहली बार टीम इंडिया में बुलाया गया है, वहीं आकिब नबी और नीतीश कुमार रेड्डी जैसे युवा भी स्क्वॉड में हैं। ऐसे में जायसवाल के पास खुद को स्थायी ओपनर के तौर पर साबित करने का बेहतरीन मौका है। इरफान ने साफ कहा कि अगर भारत को 2027 वर्ल्ड कप की तैयारी करनी है, तो अभी से बैक-अप खिलाड़ियों को तैयार करना होगा और वेस्टइंडीज सीरीज इसकी शुरुआत के लिए सबसे सही मंच है।

भारत के लिए 6 वनडे खेल चुके हैं जायसवाल

गौरतलब है कि यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए अब तक सिर्फ 6 वनडे खेले हैं, लेकिन इसमें 2 शतक जड़कर दिखा दिया है कि वह बड़े मौके के खिलाड़ी हैं। रोहित और गिल के बाद वह वनडे टीम में ओपनर के तौर पर सबसे भरोसेमंद विकल्प बनकर उभरे हैं।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article