टी20 के नंबर वन बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव लगातार दूसरे वनडे में भी गोल्डन डक का शिकार हुए। उन्हें मिचेल स्टार्क ने शून्य के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। 3 मैच की वनडे सीरीज में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब सूर्या बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद तीसरे वनडे में उनको जगह मिलेगी या नहीं इसको लेकर चर्चा तेज हो गई, लेकिन अब इस चर्चा पर टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने विराम लगा दिया है।
सूर्याकुमार को लेकर दिया अपडेट
रोहित ने दूसरे वनडे में दस विकेट से मिली हार के बाद कहा ‘ हमें श्रेयस अय्यर की वापसी के बारे में पता नहीं है, उसकी जगह खाली है तो हम सूर्य को ही उतारेंगे। उसने सीमित ओवरों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और मैं कई बार कह चुका हूं कि जिसमें क्षमता है, उसे मौके मिलेंगे।’
रोहित ने आगे कहा ‘ सूर्या को पता है कि वनडे में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा। मैं कह चुका कि क्षमतावान खिलाड़ियों को यह कभी नहीं लगना चाहिये कि उन्हें भरपूर मौके नहीं दिये गए।’
उन्होंने कहा ,‘‘ पिछले दो मैचों में वह जल्दी आउट हो गया लेकिन उसे सात आठ या दस मैच लगातार देने होंगे ताकि वह अधिक सहज हो सके। अभी उसे किसी के चोटिल होने या उपलब्ध नहीं होने पर मौका मिल रहा है। टीम प्रबंधन का काम खिलाड़ियों को मौके देना है और जब लगे कि वह सहज नहीं है या रन नहीं बन रहे, तब इसके बारे में सोचेंगे। अभी हम उस रास्ते पर नहीं हैं।’
वनडे में लगातार फ्लॉप सूर्या
वनडे क्रिकेट में सूर्यकुमार यादव के प्रदर्शन की बात करें तो टी20 की तरह वह कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं। आस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दोनों वनडे में शून्य पर आउट होने वाले सूर्या पिछली 16 वनडे पारियों में एक भी अर्धशतक भी नहीं बना पाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ नाबाद 34 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है।
