मुंबई, (भाषा)। मुंबई इंडियन्स और पंजाब किंग्स के बीच होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में रोहित शर्मा की उपलब्धता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है जबकि बुधवार को इस सीनियर बल्लेबाज ने यहां हल्का अभ्यास किया। पिछले रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ बड़े स्कोर वाले मैच के दौरान मुंबई इंडियन्स की पारी के छठे ओवर में रोहित को अपने पैर की मांसपेशियों में परेशानी महसूस हुई थी जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए थे।
जब रोहित ’रिटायर्ड हर्ट’ होकर बाहर गए तब वह 13 गेंद पर 19 रन बनाकर खेल रहे थे। इसके बाद मुंबई इंडियन्स यह मैच 18 रन से हार गई जो मौजूदा सत्र में टीम की लगातार तीसरी हार थी। बुधवार को मुंबई इंडियन्स के ट्रेनिंग सत्र के दौरान टीम के एक अधिकारी ने कहा, 'मेडिकल टीम और कोचिंग स्टाफ उनकी जांच कर रहे हैं और हमें जल्द ही पता चल जाएगा।'
रोहित ने किया हल्का वार्मअप
हालांकि, शाम को रोहित वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे और उन्होंने हल्का-फुल्का अभ्यास किया। वह मंगलवार को टीम के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए थे। टीम के सहयोगी स्टाफ के कुछ सदस्यों के साथ रोहित मैदान के एक छोर से दूसरे छोर तक धीरे-धीरे दौड़े जिसके बाद उनके दाहिने पैर पर अतिरिक्त पट्टी बांधी गई। रोहित ने इसके बाद हल्का वार्मअप किया और काफी आसानी से दौड़ भी पाए।
थ्रो डाउन से की बल्लेबाजी
इस दौरान उन्होंने सहयोगी स्टाफ के साथ बातचीत भी की। हालांकि उन्होंने तेज दौड़ने की कोशिश नहीं की। इसके बाद 38 वर्षीय रोहित ने पैड पहने और नेट गेंदबाजों तथा थ्रो डाउन विशेषज्ञों का सामना किया। बल्लेबाजी करते समय रोहित किसी भी तरह की परेशानी में नहीं दिखे। उन्होंने नेट्स में आधे घंटे से भी कम समय तक बल्लेबाजी की।
विल जैक्स जुड़े एमआई से
इस बीच इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स जल्द ही मुंबई इंडियन्स से जुड़ने वाले हैं। वह मौजूदा सत्र में अब तक टीम के चारों मैच से बाहर रहे हैं और बृहस्पतिवार को भी नहीं खेल पाएंगे। जैक्स और न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर (अब तक दो मैच खेले हैं) ने भारत में टीम से जुड़ने से पहले कुछ और समय मांगा था।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें MI Vs PBKS Today IPL Match छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
