क्रिकेट

रोहित शर्मा ने कंगारुओं के छुड़ाए छक्के, जड़ा टी20 विश्व कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप के सुपर-8 राउंड के आखिरी मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के छक्के छुड़ाते हुए आतिशी अर्धशतक जड़ दिया।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • रोहित शर्मा ने कंगारुओं के खिलाफ खेली आतिशी पारी
  • 19 गेंद में पूरा किया अपना अर्धशतक
  • जड़ा टी20 विश्व कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक

सेंट लुसिया: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप 2024 के सुपर-8 राउंड के आखिरी मुकाबले में अपने रंग में नजर आए। रोहित शर्मा ने बारिश से प्रभावित मुकाबले में चौकों छक्कों की बारिश कर दी और अपना अर्धशतक 19 गेंद में चार चौके और 5 छक्के की मदद से पूरा कर लिया। रोहित का यह मौजूदा टी20 विश्व कप में दूसरा अर्धशतक है। इससे पहले उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 5 जून को खेले गए पहले लीग मुकाबले में 52 रन की पारी खेली थी।

टी20 विश्व कप 2024 का सबसे तेज अर्धशतक

रोहित शर्मा का अर्धशतक टी20 विश्व कप 2024 में किसी भी खिलाड़ी के बल्ले से निकला सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित की बल्लेबाजी की आक्रामकता का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि जब उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया तब टीम का स्कोर 52 रन था और 50 रन रोहित के खाते में दर्ज थे।

मिचेल स्टार्क के ओवर में जड़े 29 रन

रोहित शर्मा सोमवार को अपने आतिशी रंगढंग में नजर आए। विराट कोहली के दूसरे ओवर में खाता खोले बगैर पवेलियन लौटने के बाद तीसरे ओवर में रोहित ने मिचेल स्टार्क को आड़े हाथ लिया और उनके ओवर में चार छक्के और एक चौका जड़कर कुल 29 रन बटोर लिए। रोहित ने कंगारू टीम को ये बता दिया कि वो आज क्या ठानकर मैदान पर उतरे हैं। पांचवें ओवर की पहली गेंद फेंके जाने के बाद बारिश की वजह से खेल रोकना पड़ा लेकिन थोड़ी देर बाद मुकाबला दोबारा शुरू हुआ तो रोहित ने अपनी आतिशी बल्लेबाजी जारी रखते हुए अर्धशतक 19 गेंद में पूरा कर लिया।

तोड़ा युवराज सिंह का 17 साल पुराना रिकॉर्ड

रोहित का अर्धशतक टी20 विश्व कप में उनका भी सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले भारतीय बन गए हैं। रोहित ने साल 2007 में युवराज सिंह के 20 गेंद में कंगारुओं के खिलाफ जड़े अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article