क्रिकेट

हैदराबाद में हार के बाद रविचंद्रन अश्विन ने उठाए टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के आखिरी दो टी20 मुकाबले में कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 से बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठाए हैं।

Image

रविचंद्रन अश्विन (फोटो क्रेडिट AI Generated)

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी20 श्रृंखला में कुलदीप यादव को अंतिम एकादश से बाहर करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह समझदारी भरा कदम नहीं है क्योंकि उनकी उपस्थिति से काफी अंतर पैदा हो सकता है।

इंदौर और हैदराबाद में नहीं मिला कुलदीप को मौका

कुलदीप ने लखनऊ और रांची में खेले गए पहले दो मैचों में हिस्सा लिया, लेकिन इंदौर और हैदराबाद में खेले गए अगले दो मैचों में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने पहले मैच में 33 रन देकर दो विकेट लिए, लेकिन रांची में खेले गए मैच में उन्होंने 53 रन लुटाए, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था।

कुलदीप को बाहर रखना नहीं है समझदारी भरा फैसला

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,'यह बहुत हैरानी भरा फैसला है क्योंकि वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कुलदीप की गुगली और लेग स्पिन को समझने में संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में अगर आप कुलदीप को अंतिम एकादश से बाहर रखते हैं तो यह समझदारी भरा फैसला नहीं कहा जा सकता। यह वास्तव में हैरान करने वाला है क्योंकि मुझे लगता है कि उनकी मौजूदगी से 15 से 20 रन का अंतर पड़ सकता है।'

क्यों हुई अश्विन को हैरानी?

अश्विन ने आगे कहा,'मुझे सच में बहुत हैरानी हुई। कुलदीप को इंदौर में टीम में नहीं रखा गया और मैं इस फैसले का समर्थन करता हूं क्योंकि वहां मैदान छोटा है। लेकिन अगर आप यह सोचते हैं कि रांची में भारत को कुलदीप के कारण हार मिली तो यह सरासर गलत है।' कुलदीप इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे श्रृंखला में भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने तीन मैचों में सात विकेट लिए थे।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article