देश

दो दिन बंद रहेगा कनॉट प्लेस का सेंट्रल पार्क, CJP प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली पुलिस की बड़ी अपील- जमावड़े में न हों शामिल

CJP Protest: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद का यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के ऐलान के बाद आया है। CJP नेता अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम 6 बजे सेंट्रल पार्क में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था।

Image

दो दिन के लिए बंद किया गया CP का सेंट्रल पार्क (फोटो साभार- @abhijeet_dipke/iStock)

CJP Protest: नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क को लेकर बड़ा फैसला लिया है। NDMC ने पब्लिक नोटिस जारी कर बताया है कि सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर 2026 को आम लोगों के लिए बंद रहेगा। नोटिस में बंदी की वजह प्रशासनिक कारण बताया गया है। NDMC ने 15 अक्टूबर को नोटिस जारी किया है। इसमें लिखा है कि सेंट्रल पार्क, कनॉट प्लेस 16 अक्टूबर और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा।

अभिजीत दीपके ने किया था प्रदर्शन का आह्वान

गौरतलब है कि NDMC का यह फैसला कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के ऐलान के बाद आया है। CJP नेता अभिजीत दीपके ने शुक्रवार शाम 6 बजे सेंट्रल पार्क में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन का आह्वान किया था। NDMC ने इस प्रदर्शन को इजाजत नहीं दी है। दीपके ने बुधवार को लोगों से तिरंगा लेकर सेंट्रल पार्क में जुटने की अपील की थी। उनका कहना है कि उनकी पार्टी के दो कार्यकर्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका को तिरंगा लहराने पर जेल में डाल दिया गया है। उन्होंने कहा था कि तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है। वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों को बॉन्ड की शर्त तोड़ने और जंतर-मंतर में बिना इजाजत घुसने के आरोप में 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज कर तिहाड़ जेल भेजा गया है।

Central Park (1)

NDMC का नोटिस

दिल्ली पुलिस की लोगों से अपील

दिल्ली पुलिस ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों से अपील की है कि कल कनॉट प्लेस में होने वाले जमावड़े और CJP व आम आदमी पार्टी के कार्यक्रम में शामिल न हों। प्रेस कॉन्फ्रेंस में DCP PRO नेहा यादव ने कहा कि कल होने वाले जमावड़े से दिल्ली में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, इसलिए लोग इसमें शामिल न हों। उन्होंने बताया कि दुकानदारों ने भी दिल्ली पुलिस से सुरक्षा की अपील की है। व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में ऐसे जमावड़ों से उनका व्यापार प्रभावित हो रहा है।

DCP ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने हाई कोर्ट में भी सुरक्षा का भरोसा दिया है और उचित कार्रवाई की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस राष्ट्रीय झंडा लहराने और राष्ट्रगान गाने के लिए किसी उपयुक्त जगह का चयन कर सकती है, ताकि लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख सकें।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!