क्रिकेट

जिंबाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने किया संन्यास का फैसला बदलने से इनकार, ये टूर्नामेंट होगा आखिरी

जिंबाब्वे की वनडे और टी20 टीम के कप्तान सिकंदर रजा ने अगले साल आयोजित होने जा रहे वनडे विश्व कप के बाद अपने संन्यास के फैसले को बदलने से इनकार कर दिया है। जानिए उन्होंने क्या कहा?

Image

सिकंदर रज़ा (फोटो क्रेडिट Sikandar Raza X)

नई दिल्ली: जिम्बाब्वे के वनडे और टी20 कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2027-30 चक्र में उनकी टीम के आने की संभावना के बावजूद अगले साल अफ्रीका में होने वाले 50 ओवरों के विश्व कप के बाद संन्यास का उनका फैसला नहीं बदलेगा। जिम्बाब्वे वनडे विश्व कप 2027 में दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के साथ सह मेजबान है।

मैंने कर लिया है संन्यास का फैसला, अब नहीं बदलेगा

रजा ने मोबाइल गेमिंग प्लेटफॉर्म सिक्सर क्रिकेट द्वारा कराई गई बातचीत में कहा,'मेरे करियर का यह आखिरी दौर है और अपने देश में विश्व कप खेलना मेरे लिये वरदान से कम नहीं है। हर क्रिकेटर का सपना विश्व कप खेलकर संन्यास लेने का होता है।' यह पूछने पर कि अगर जिम्बाब्वे 2027-30 चक्र में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में जगह बनाता है तो क्या उनका फैसला बदलेगा, उन्होंने कहा,'नहीं। ऐसा कुछ नहीं होगा। मैंने फैसला कर लिया है और वह नहीं बदलने वाला।'

डब्लूटीसी में एंट्री का होगा ये फायदा

सिकंदर ने हालांकि यह कहा कि डब्ल्यूटीसी में प्रवेश से जिम्बाब्वे क्रिकेट का विकास होगा । उन्होंने कहा,'अगर ऐसा हुआ तो मैं उसके समर्थन में सबसे आगे रहूंगा । जिम्बाब्वे अगर डब्ल्यूटीसी का हिस्सा बनता है तो भले ही हमारा प्रदर्शन शुरूआत में अच्छा नहीं रहे लेकिन इससे देश में क्रिकेट का काफी तेजी से विकास होगा । हमारा प्रदर्शन बेहतर होगा।'

ऐसा रहा है रज़ा का अंतरराष्ट्रीय करियर

सिकंदर रजा ने साल 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद जिंबाब्वे के भरोसेमंद खिलाड़ी के रूप में पहचान बनाई है। पाकिस्तान में जन्मे रजा ने जिम्बाब्वे के लिए 22 टेस्ट, 159 वनडे और 144 टी20 मैच खेलते हुए कुल 9,300 से अधिक रन बनाए और इस दौरान 252 विकेट भी चटकाए हैं। T20I क्रिकेट में लगातार 5 अर्धशतक लगाने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज और जिम्बाब्वे के लिए टी20 शतक जड़ने वाले पहले खिलाड़ी हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article