नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 15 अक्टूबर, 2026 को जापान के आइची नागोया 2026 में भाग लेने वाले भारतीय दल के पदक विजेताओं से मुलाकात की। 20वें एशियाई खेलों में भारत 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 27 कांस्य सहित कुल 85 पदक के साथ चौथे स्थान पर रहा था। भारतीय खिलाड़ियों ने जापान में शानदार प्रदर्शन किया लेकिन अपने पिछले प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर सके। साल 2023 में भारतीय दल ने 28 गोल्ड सहित कुल 107 पदक जीते थे। आइची नागोया में खराब शुरुआत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की और अंतिम दो दिनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में भारत को चौथे पायदान पर पहुंचा दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों से मुलाकात की। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया और भारतीय ओलंपिक संघ की मुखिया पीटी ऊषा भी मौजूद थीं।
हॉकी और क्रिकेट टीमों ने पीएम को गिफ्ट की जर्सी
गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम ने प्रधानमंत्री को सभी खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ वाली स्टिग भेंट की। वहीं पुरुष टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सभी खिलाडियों के ऑटोग्राफ वाली जर्सी और स्टिक पीएम को भेंट की। टीम इंडिया के टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर ने एशियाई खेलों वाली जर्सी पीएम को तोहफे के रूप में दी। इसमें टूर्मांमेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे। भारत को लगातार दूसरी बार एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जिताने वाली कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भी प्रधानमंत्री को टीम के खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ वाली जर्सी गिफ्ट में दी।
आपने तिरंगे की शान और मान बढ़ाया
प्रधानमंत्री ने भेंट के बाद खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा, आपने तिरंगे की शान भी बढ़ाई है और तिरंगे का मान भी बढ़ाया है। आपसे मिलने से मैं ऊर्जा से भर जाता हूं। इतने सारे पदकवीरों से एक साथ मिलना कोई मामूली बात नहीं है। जुनून जब जीत में बदलता है तो वो चेहरे पर चमक भी लेकर आता है। सबसे बड़ी सफलता होती है तिरंगे की शान बढ़ाना। आपकी सफलता केवल आपकी नहीं देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है। मैं देशवासियों की तरफ से आप सभी को बहुत बहुत बधाई देता हूं। मैं आपको कोच और परिवार का भी शुक्रिया अदा करता हूं।
इस बार एशियाई खेल कई मायनों में रहे अहम
पीएम मोदी ने कहा कि इस बार के एशियाई खेल कई मायनों में हमारे लिए हॉकी महिला और पुरुष टीमों ने गोल्ड मेडल जीता। महिला टीम ने तो 44 साल के इतंजार को खत्म कर दिया। क्रिकेट में हमारी महिला और पुरुष टीमों ने लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतकर अपना रिकॉर्ड तोड़ी। कबड्डी में भी हमारी दोनों टीमों ने गोल्ड जीते। इसी तरह तीरंदाजी में हमने पांच मेडल जीते। 28 साल बाद वेट लिफ्टिंग में मेडल आया है...
यह है नए भारत की सशक्त तस्वीर
पीएम मोदी ने कहा की मैं हमारी बेटियों की खास तौर पर सराहना करना चाहता हूं। भारत ने जो 85 पदक जीते हैं उसमें से 38 मेडल हमारी महिला एथलीट ने जीते हैं और इसमें 11 गोल्ड मेडल भी शामिल हैं। ये मेडल केवल एक संख्या नहीं है यह नए भारत की सशक्त तस्वीर है।
बड़े धैर्य और परिश्रम के साथ किया है स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर काम
पीएम ने आगे कहा,'... भारत ने बीते 12 वर्षों में बहुत धैर्य और परिश्रम के साथ अपने स्पोर्ट्स इकोसिस्टम पर काम किया है... हमने यह संकल्प लिया था कि हम निराशावादी मानसिकता को हटाएंगे। आज हर ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर हमारा प्रतिनिधित्व बढ़ रहा है। देश में यह बदलाव उसी स्पिरिट से आया है जिसकी बदौलत आपने सफलता हासिल की है... हमने खेलों इंडिया स्कीम शुरू की थी... 36 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि खेलों के लिए आवंटित की गई है...'
गांव-गांव जाकर की जा रही है प्रतिभाओं की तलाश
प्रधानमंत्री ने कहा, '... आने वाले वर्षों में हजारों नए खिलाड़ियों को खेलो इंडिया और इमर्जिंग खेलो इंडिया के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए अवसर मिलेंगे... 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक है। 2030 में भारत कॉमन वेल्थ की मेज़बानी करेगा... आज गांव-गांव जाकर प्रतिभाओं को तलाशा जा रहा है और तराशा भी जा रहा है...'
