Rohit Sharma hilarious Video: भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने अलग अंदाज के लिए जाने जाते हैं। गेंदबाजों और फील्डरों के साथ उनकी मस्ती मैच के दौरान चलते रहती है। कभी-कभी उनकी आवाज माइक में कैद हो जाती है जो फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होता। रोहित का ऐसा ही एक अंदाज श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे में देखने को मिला जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
श्रीलंका ने एक बार फिर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, सुंदर ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों पर दबाव बनाया क्योंकि उन्होंने अविष्का फर्नांडो (40) और कुसल मेंडिस (30) को आउट करके दो शुरुआती विकेट लिए, जो बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहे थे। ऑफ स्पिनर ने बाद में कप्तान चरिथ असलांका को भी आउट किया।
33वें ओवर में दिखा यह इंसीडेंट
मैच के 33वें ओवर में, जेनिथ लियांगे को गेंदबाजी करते हुए, सुंदर से थोड़ी सी चूक हो गई। दरअसल वह ओवर की दूसरी गेंद डालने से पहले दो बार रन-अप पर रुक गए। पहली बार तो रोहित ने कोई रिएक्शन नहीं दिया, लेकिन दूसरी बार उनके मजेदार रिएक्शन ने दुनियाभर के फैंस को हंसा दिया। फनी अंदाज के लिए मशहूर रोहित, सुंदर की तरफ दौड़े और उन्हें मारने की धमकी दी, जिसके बाद दोनों हंस पड़े।
मैच की बात करें तो श्रीलंका ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 240 रन बनाए। दुनिथ वेल्लालेगे ने 39 रन बनाए जबकि कामिंडू मेंडिस ने 44 गेंदों पर 40 रन बनाए। सुंदर के अलावा कुलदीप यादव ने भी दो विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला।
दोनों टीमें सीरीज में 1-0 की बढ़त लेने की कोशिश में हैं। इससे पहले भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 3-0 से जीती थी।
