Odisha Drowning Incidents: ओडिशा में बुधवार को छह अलग-अलग घटनाओं में छह बच्चों सहिक कम से कम 12 लोगों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ज्यादातर घटनाएं गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुईं। पुलिस के अनुसार, ये घटनाएं सुंदरगढ़, गंजाम, जगतसिंहपुर, भद्रक और कोरापुट जिलों में हुईं।
जगतसिंहपुर और सुंदरगढ़ जिलों में कई लोग डूबे
जगतसिंहपुर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान चार युवक नहर में बह गए। वहीं सुंदरगढ़ जिले में करमा पूजा के लिए रेत इकट्ठा करते समय तीन लड़कियां डूब गईं। मृत युवकों की पहचान मनोजीत स्वैन, स्वप्नजीत बारिक, रश्मिरंजन नायक और जगन्नाथ पालेई के रूप में की गई। पुलिस ने बताया कि सुंदरगढ़ जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के सलंगाबहाल गांव में गीतिका साहू (6), सिबिका साहू (6) और श्रुति साहू (8) शंख नदी में डूब गईं। तीनों मजहाटोली की निवासी थीं।
गंजाम जिले में भी डूबने के हादसे
वहीं, तीसरी घटना में गंजाम जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन में शामिल होने के दौरान आदर्श साहू (14) और प्रीतम समेली (14) घोडाहाड नदी में डूब गए। इसी जिले में एक अन्य घटना में डिगपहांडी थाना क्षेत्र के एक गांव में सुबह करीब 10 बजे गणेश प्रतिमा विसर्जित करते समय आठवीं कक्षा का छात्र सितांशु जेना तालाब में डूब गया। भद्रक और कोरापुट जिलों में दो और लोगों की भी डूबने से मौत हो गई।
टाइम्स नाउ नवभात पर ये भी पढ़ें - Bhiwandi News: गणेशोत्सव में बागेश्वर बाबा ने फिर उठाया हिंदू राष्ट्र का मुद्दा; 'सोने की खड़ाऊ' पर भी तोड़ी चुप्पी
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने इस हादसे पर शोक जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।इसके अलावा विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने भी दुर्घटना पर दुख जताया है।
(इनपुट - भाषा)
