क्रिकेट

ICC Ranking: ऋषभ पंत ने मचाया आईसीसी रैंकिंग में धमाल, बुमराह का गेंदबाजों में दबदबा बरकरार

आईसीसी द्वारा जारी ताजा टेस्ट रैंकिंग में लीड्स टेस्ट की दोनों टेस्ट पारियों में शतक जड़ने का मोटा फायदा हुआ है। वहीं पहली पारी में पांच विकेट चटकाने वाले जसप्रीत बुमराह का गेंदबाजों की रैंकिग में जलवा बरकरार है।

Image

ऋषभ पंत

Photo : AP

दुबई: भारत के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की नवीनतम बल्लेबाजी रैंकिंग में बुधवार को एक स्थान के फायदे से छठे स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड के खिलाफ पिछले हफ्ते एक ही टेस्ट की दोनों पारियों में शतक जड़ने वाले सिर्फ दूसरे विकेटकीपर बने पंत के करियर के सर्वश्रेष्ठ 801 रेटिंग अंक हैं। वह शीर्ष पर चल रहे इंग्लैंड के जो रूट से सिर्फ 88 अंक पीछे हैं। पंत ने जुलाई 2022 में करियर की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग हासिल की थी।

चौथे पायदान पर काबिज हैं जायसवाल

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल चौथे स्थान पर बरकरार हैं और बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष भारतीय है। कप्तान शुभमन गिल एक स्थान के नुकसान से 21वें पायदान पर हैं। भारत के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट में 28 और नाबाद 53 रन की पारी खेलने वाले रूट ने दूसरे स्थान पर काबिज इंग्लैंड के अपने हमवतन हैरी ब्रूक पर 15 अंक की बढ़त बना रखी है।

आठवें पायदान पर पहुंचे बेन डकेट

भारत के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में 149 रन की मैच विजयी पारी खेलने वाले इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज बेन डकेट करियर के सर्वश्रेष्ठ आठवें स्थान पर हैं। गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह 907 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर कायम हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में पांच विकेट चटकाए थे।

रबाडा और कमिंस दूसरे पायदान पर बरकरार

दक्षिण अफ्रीका के कागिसो रबाडा और ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर बरकरार हैं। जोश हेजलवुड एक स्थान के फायदे से चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के स्पिनर नोमान अली को पछाड़ा। इस बीच भारत के रविंद्र जडेजा भी टेस्ट ऑलराउंडर की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article