क्रिकेट

IND vs SA 1st Test: पहले टेस्ट से पहले नेट्स पर टीम इंडिया ने बहाया पसीना, लय में नजर आए ऋषभ पंत

भारतीय क्रिकेट टीम ने कोलकाता के इडेन गार्डन्स में 14 नवंबर से खेले जाने वाले सीरीज के पहले टेस्ट मैच के बुधवार को नेट्स पर जमकर पसीना बहाया। चोट से उबरकर वापसी कर रहे ऋषभ पंत अपनी पूरी लय में नजर आए।

Image

ऋषभ पंत (BCCI X)

कोलकाता: अपनी बहुप्रतीक्षित टेस्ट वापसी के लिए तैयार भारत के आक्रामक विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत मंगलवार को नेट्स पर पूरी लय में दिखे और उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रहे पहले टेस्ट मैच से पहले ईडन गार्डन्स में टीम के ट्रेनिंग सत्र में बेबाक स्ट्रोक्स लगाए। मैनचेस्टर में चौथे टेस्ट के दौरान क्रिस वोक्स की गेंद पर पैर के अंगूठे में फ्रैक्चर होने के बाद जुलाई से खेल से बाहर रहे पंत ने बेंगलुरु में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए की ओर से अनौपचारिक टेस्ट मैचों के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की।

एक घंटे पंत ने किया बल्लेबाजी का अभ्यास

उन्होंने पहले ‘ए’ टेस्ट में जीत के लिए 90 रन बनाए और दूसरे मैच में 17 रन पर ‘रिटायर्ड हर्ट’ होने के बावजूद 65 रन बनाए। बाद में वह पारी का अंत करने के लिए लौटे जिससे सीनियर टीम की टेस्ट श्रृंखला से पहले उनकी फॉर्म और फिटनेस दोनों का संकेत मिला। टीम इंडिया में वापसी करते हुए पंत ने वहीं से शुरुआत की जहां से वह छोड़कर गए थे। उन्होंने नेट पर मनमुताबिक और साहस के साथ बल्लेबाजी करते हुए तेज गेंदबाजों और स्पिन गेंदबाजों दोनों का सामना किया। उन्होंने मैदान पर लगभग एक घंटा बिताया। इस दौरान उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा के खिलाफ स्ट्रोक्स लगाए।

कम उछाल की गेंदों के लिए किया अभ्यास

पंत ने स्लिप के ऊपर से रिवर्स रैंप और फाइन लेग के ऊपर से स्कूप शॉट लगाए। उन्होंने स्पिनरों के सामने भी अच्छा प्रदर्शन किया जिसमें उन्होंने एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से इनसाइड-आउट ड्राइव के साथ सटीक फुटवर्क और कलाई पर नियंत्रण के साथ आउटसाइड ऑफ से मिडविकेट तक स्वीप शॉट खेले। पंत ने अपने सत्र की शुरुआत लगभग 15 मिनट की विकेटकीपिंग अभ्यास के साथ की। वह स्टंप के पास खड़े थे और ऐसा लग रहा था कि वे उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों में अपेक्षित कम उछाल के लिए तैयारी कर रहे थे।

राहुल और जायसवाल ने किया स्पिनर्स का सामना

यह सत्र टीम के लिए एक पूर्ण सत्र था जिसमें सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने तेज गेंदबाजों और स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बारी-बारी से नेट पर अभ्यास शुरू किया जबकि विशेषज्ञ बल्लेबाज के रूप में खेलने उतरे ध्रुव जुरेल ने भी लंबा अभ्यास किया।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article