क्रिकेट

कप्तान नहीं आखिरकार उप-कप्तान रिंकू आए केकेआर के काम, आखिरी ओवर में छक्का जड़कर दिलाई रोमांचक जीत

कोलकाता ने आईपीएल 2026 में आखिरकार जीत का स्वाद चख लिया। राजस्थान के खिलाफ आखिरी ओवर तक चले मुकाबले में केकेआर ने 4 विकेट से जीत दर्ज की। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रिंकू और अनुकूल की मैच विनिंग पार्टनरशिप के दम पर केकेआर ने यह जीत दर्ज की।

Image

रिंकू सिंह (साभार-X)

कप्तान अजिंक्य रहाणे नहीं बल्कि कोलकाता नाईट राइडर्स को आईपीएल 2026 की पहली जीत उप-कप्तान रिंकू सिंह ने दिलाई। रिंकू ने बृजेश शर्मा की गेंद पर छक्का मारकर ना केवल अपनी फिफ्टी पूरी की बल्कि 6 मैच से जीत का इंतजार कर रही केकेआर को उसका स्वाद चखा दिया। रिंकू सिंह ने 34 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 53 रन की पारी खेली। केकेआर की इस जीत में उनका साथ दिया अनुकूल रॉय ने जिन्होंने 16 गेंद में नाबाद 29 रन बनाए। अनुकूल ने अपनी पारी में एक चौका और दो छक्के लगाए।

3 साल बाद आईपीएल में अर्धशतक

रिंकू सिंह को इस बार लीग से पहले लीडरशिप रोल में एंट्री मिली थी और उन्हें टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। अब तक रिंकू बल्ले से संघर्ष कर रहे थे, लेकिन जब केकेआर को इसकी सबसे ज्यादा जरुरत थी, उन्होंने फिनिशर की भूमिका में एकबार फिर खुद को साबित किया। रिंकू ने आईपीएल में 3 साल बाद अर्धशतक जड़ा है। 2023 में उन्होंने लखनऊ के खिलाफ नाबाद 67 रन की पारी खेली थी, लेकिन वहां वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए थे और लखनऊ ने एक रन से मुकाबला जीत लिया था। लेकिन उनकी यह पारी खास है क्योंकि इससे केकेआ की जीत का खाता खुला है। इस पारी की जितनी जरुरत केकेआर को थी शायद उससे कहीं ज्यादा इसकी आवश्यकता रिंकू सिंह को रही होगी। आईपीएल में यह रिंकू का 5वां अर्धशतक है।

आखिरी ओवर के रोमांच में जीता कोलकाता

कोलकाता को आखिरी ओवर में 9 रन की दरकार थी। गेंद बृजेश शर्मा के पास थी, लेकिन रिंकू ने शुरुआती दो गेंदों पर बैक टू बैक चौका जड़ा। तीसरी गेंद बृजेश ने डॉट डाली, लेकिन चौथी गेंद पर रिंकू ने छक्का जड़कर केकेआर की जीत का खाता खोल दिया।

अनुकूल और रिंकू की मैच विनिंग पार्टनरशिप

कोलकाता इस मुकाबले में 156 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी, लेकिन राजस्थान की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टीम एक वक्त हार के कगार पर पहुंच गई थी। कोलकाता ने 85 के स्कोर पर अपना छठा विकेट गंवा दिया था, जब अनुकूल, रिंकू का साथ देने आए। दोनों ने 7वें विकेट के लिए केवल 37 गेंद में नाबाद 76 रन की साझेदारी की और कोलकाता को 4 विकेट से जीत दिला दी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article