क्रिकेट

RCB vs GT Pitch Report: बैंगलोर और गुजरात के बीच आज के मैच की पिच रिपोर्ट

IPL 2024, RCB vs GT Pitch Report Today Match: आईपीएल 2024 में आज का मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जाएगा। इस मैच में आरसीबी की टीम मेजबान होगी और मुकाबला बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। ये मुकाबला दोनों ही टीम के लिए करो या मरो का मैच है, एक हार और टूर्नामेंट में सफर पूरी तरह खत्म। यहां हम जानेंगे इस मैच की पिच रिपोर्ट, कैसे हैं इस मैदान के आंकड़े और क्या कुछ हुआ जब-जब आईपीएल में आमने-सामने आई बैंगलोर और गुजरात की टीमें।

Image

बैंगलोर-गुजरात पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल 2024 में आज का रोमांचक मुकाबला
  • रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस का मैच
  • बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगी टक्कर

IPL 2024, RCB vs GT Pitch Report Today Match: इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन में आज बड़ा मैच खेला जाएगा। आमने-सामने होंगी मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (Royal Challengers Bangalore) और मेहमान गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की टीम। दोनों ही टीमों के लिए ये मैच करो या मरो का मैच होगा, दोनों को अगर अपनी आगे की थोड़ी बहुत बची उम्मीदों को जिंदा रखना है तो उन्हें जीत दर्ज करनी ही होगी। मुकाबला शाम 7.30 बजे से बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M Chinnaswamy Stadium) में खेला जाएगा। इससे पहले ये दोनों टीमें मौजूदा सीजन के पहले चरण में जब टकराई थीं तब आरसीबी ने गुजरात को उसके घर में मात दी थी। आज बैंगलोर की टीम अपने घर पर खेलने वाली है।

आईपीएल 2024 के 52वें मैच में आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस की टक्कर होने जा रही है। इन दोनों टीमों के मौजूदा सीजन में अब तक के प्रदर्शन पर एक नजर डाल लेते हैं। बैंगलोर की टीम का प्रदर्शन अब तक टूर्नामेंट में सबसे खराब रहा है, वे 10 मैचों में 3 जीत और 7 हार के बाद कुल 6 अंक लेकर अंक तालिका (IPL 2024 Points Table) में आखिरी पायदान पर हैं। वहीं अगर बात करें गुजरात टाइटंस की तो उन्होंने अब तक 10 मैचों में 4 जीत दर्ज की हैं और 6 मैच गंवाए हैं। गुजरात की टीम 8 अंकों के साथ अंक तालिका में आठवें नंबर पर है। आज जब ये दोनों टीमें एक बार फिर आमने-सामने होंगी तो कई धुरंधरों से फैंस को उम्मीदें रहेंगी। बैंगलोर की तरफ से सबसे पहला नाम विराट कोहली (Virat Kohli) का आता है जो ऑरेंज कैप वापस हासिल करने की कोशिश करेंगे, इसके अलावा उनकी टीम में विल जैक्स (Will Jacks), रजत पाटीदार (Rajat Patidar) और ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) पर निगाहें रहेंगी। दूसरी तरफ गुजरात टाइटंस के लिए टीम के कप्तान शुभमन गिल (Shubman Gill) खुद को साबित करना चाहेंगे क्योंकि उनको भारत की टी20 विश्व कप टीम में जगह नहीं मिली है। इसके अलावा राशिद खान (Rashid Khan), शाहरुख खान (Shahrukh Khan), साई सुदर्शन (Sai Sudharsan) और डेविस मिलर (David Miller) पर टीम की जिम्मेदारी होगी।

बैंगलोर-गुजरात मैच पिच रिपोर्ट (RCB vs GT Pitch Report Today Match)

आज रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस की टक्कर बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाली है। सालों से इस मैदान की पिच बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद रही है और इस बार भी कुछ बदला नहीं है। यहां एक बार फिर बल्लेबाजों की धमक सुनाई दे रही है और आज के मैच में भी ऐसा ही देखने को मिल सकता है। अब तक इस सीजन में यहां खेले गए चारों मैचों में जमकर रन बरसे हैं लेकिन पिछले मैच में तो रिकॉर्ड टूटते चले गए जब सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर (287 रन) बना डाला और जवाब में उतरी बैंगलोर की टीम ने भी 25 रन से मिली हार से पहले 7 विकेट पर 262 रन बना डाले थे। ऐसे में गेंदबाजों को यहां बल्लेबाजों से बचकर रहना होगा। गेंदबाजों में पेसर्स यहां कुछ बेहतर करने की उम्मीद कर सकते हैं।

इस मैदान पर बैंगलोर और गुजरात के आंकड़े (RCB and GT Stats At Bengaluru)

बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर जब आज आरसीबी और गुजरात का मैच होगा तब कुछ पुराने आंकड़ों पर भी नजर रहेगी। इन दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर आज तक सिर्फ एक ही मैच खेला गया है और पिछले आईपीएल सीजन में खेले गए उस मैच में गुजरात टाइटंस ने मेजबान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चौंकाते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की थी। उस दिन बैंगलोर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इस ग्राउंड पर विराट कोहली की नाबाद 101 रनों की पारी के दम पर 5 विकेट खोकर 197 रन बनाए थे। जवाब में उतरी गुजरात टाइटंस ने ओपनर और मौजूदा कप्तान शुभमन गिल के शतक (नाबाद 104) से करारा जवाब दिया था और 5 गेंदें बाकी रहते जीत अपने नाम कर ली थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article