क्रिकेट

बैक टू बैक आरसीबी को चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार को मिली नई टीम की कमान

Rajat Patidar: आगामी मध्य प्रदेश लीग में आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को नई टीम की कमान सौंपी गई है। बुधवार को रजत के नेतृत्व में टीम अपने अभियान की शुरुआत करेगी। रजत पाटीदार, पार्थ को रिप्लेस करेंगे।

Image

रजत पाटीदार (साभार-X)

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दो आईपीएल खिताब जिताने के बाद कप्तान रजत पाटीदार को अब नई जिम्मेदारी मिल गई है। नई भूमिका में रजत आगामी मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग में नजर आएंगे। दरअसल इस घरेलू लीग में पाटीदार ग्वालियर चीता टीम की कमान संभालेंगे। इस टीम का मालिकाना हक जेकेसी स्पोर्ट्स के पास है। जिस टीम की कमान रजत को मिली है, पिछले सीजन उसने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। सेमीफाइनल में उसे चंबल घड़ियाल की टीम से हार का सामना करना पड़ा था। 2025 में ग्वालियर चीता की कमान पार्थ सहानी के पास थी।

2026 सीजन में ग्वालियर चीता की टीम अपने पहले मैच में बुधवार को इंदौर के होल्कर स्टेडियम में उज्जैन फाल्कन्स के खिलाफ उतरेगी। पिछले सीजन में 14 विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज रहे मंगेश यादव को भी टीम में शामिल किया गया है। मंगेश आईपीएल 2026 में भी आरसीबी का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मुकाबला खेलने का मौका नहीं मिला था। इस टीम के कोचिंग की भूमिका में आदित्य श्रीवास्तव होंगे जो बतौर हेड कोच टीम से जुड़े हैं। श्रीवास्तव की कप्तानी में मध्य प्रदेश ने 2022 में 69 साल बाद रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।

सफलता की गारंटी बने रजत पाटीदार

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान पिछले दो साल में सफलता की गारंटी बन कर उभरे हैं। पिछले 17 साल से ट्रॉफी का इंतजार कर रहे आरसीबी को रजत पाटीदार के नेतृत्व में ही 2025 में पहली बार ट्रॉफी उठाने का मौका मिला था। इतना ही नहीं पाटीदार ने बतौर कप्तान इस ट्रॉफी को डिफेंड किया और दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हो गए। आरसीबी, मुंबई और चेन्नई के बाद तीसरी टीम बन गई जिसने ट्रॉफी को सफलतापूर्वक डिफेंड किया। कप्तान के तौर पर पाटीदार का रिकॉर्ड उसकी सफलता की कहानी बताता है। 28 मुकाबले में पाटीदार ने 20 में जीत दर्ज की और केवल 8 मुकाबले में उसे हार का सामना करना पड़ा।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article