क्रिकेट

Bengaluru Stampede: बेंगलुरू भगदड़ के तीन महीने बाद RCB ने तोड़ी चुप्पी, किया बड़ा ऐलान

Bengaluru Stampede: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के फाइनल के बाद जब आरसीबी जीत का जश्न बना रही थी तभी चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई। इस हादसे के बाद टीम ने सोशल मीडिया पर एक भी पोस्ट करने से इंकार कर दिया और शांत रहे लेकिन अब उन्होंने बड़ा ऐलान किया है।

Image

बेंगलुरू भगदड़ (फोटो- AP)

Bengaluru Stampede: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लंबे इंतजार के बाद जून 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत का जश्न बेंगलुरु में आयोजित विजय परेड के दौरान एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 50 लोग घायल हो गए। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया और फ्रेंचाइज़ी को भी गहरी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। इसके बाद आरसीबी सोशल मीडिया पर खामोश हो गई लेकिन अब ये समाप्त हो गई है।

विजय जुलूस से त्रासदी तक

3 जून को पंजाब किंग्स को हराकर आरसीबी ने आईपीएल 2025 की ट्रॉफी पर कब्जा किया था। 18 साल के इंतजार के बाद टीम ने खिताब जीता और इसे लेकर खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाने के लिए बेंगलुरु में विजय परेड का आयोजन किया गया। विराट कोहली, रजत पाटीदार और कप्तान समेत कई खिलाड़ी जुलूस का हिस्सा बने। लेकिन इस जश्न ने अचानक दुखद मोड़ ले लिया जब स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

आलोचना और कानूनी कार्रवाई

इस हादसे के बाद आरसीबी और आयोजकों पर भीड़ प्रबंधन में लापरवाही का आरोप लगा। फ्रेंचाइज़ी को भारी आलोचना झेलनी पड़ी, एफआईआर दर्ज हुई और कानूनी कार्रवाई भी शुरू हुई। इस घटना के बाद आरसीबी ने सोशल मीडिया पर पूरी तरह से चुप्पी साध ली थी और करीब तीन महीने तक कोई पोस्ट नहीं किया।

"RCB CARES" पहल की शुरुआत

28 अगस्त को आरसीबी ने सोशल मीडिया पर लौटते हुए अपने प्रशंसकों के लिए एक भावुक संदेश साझा किया। फ्रेंचाइज़ी ने लिखा कि "करीब तीन महीने हो गए जब हमने यहां आखिरी बार कुछ पोस्ट किया था। यह चुप्पी अनुपस्थिति नहीं थी, यह शोक था। जून 4 ने सब कुछ बदल दिया। उस दिन ने हमारे दिल तोड़ दिए और हमारी चुप्पी हमारे शोक को व्यक्त करने का तरीका थी। लेकिन इस दौरान हमने सुना, सीखा और कुछ नया बनाने की कोशिश की। इसी से 'RCB CARES' की शुरुआत हुई।"यह प्लेटफ़ॉर्म प्रशंसकों की शिकायतों और समस्याओं को दूर करने के लिए लॉन्च किया गया है। आरसीबी ने इसे अपने समुदाय और फैंस के साथ खड़े रहने की पहल बताया।

पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा

हादसे के अगले ही दिन 5 जून को आरसीबी ने घोषणा की थी कि जिन 11 लोगों की मौत हुई, उनके परिवारों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की साख पर धब्बा

इस त्रासदी के बाद न सिर्फ लोगों की जान गई बल्कि एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम की साख पर भी असर पड़ा। जांच के बाद इस स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए अनुपयुक्त घोषित किया गया। यही वजह है कि आगामी महिला वनडे विश्व कप के मैचों की मेजबानी से बेंगलुरु को हटा दिया गया और मुंबई को इसकी जगह दी गई।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article