क्रिकेट

Ranji Trophy: विदर्भ ने गोवा को दी पारी और 27 रन के अंतर से पटखनी, हर्ष दुबे ने लिखी जीत की इबारत

विदर्भ ने गोवा को रणजी ट्रॉफी में पारी और 27 रन के अंतर से मात देकर बड़े अंतर से जीत दर्ज की। मैच के आखिरी दिन गोवा को विदर्भ ने हर्ष दुबे की घातक गेंदबाजी के बल पर 195 रन पर ढेर कर दिया।

Image

हर्ष दुबे

नागपुर: बायें हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे के चार विकेट की मदद से विदर्भ ने गोवा को दूसरी पारी में 195 रन पर समेटकर रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मैच के आखिरी दिन एक पारी और 27 रन से जीत दर्ज की। फॉलोआन खेलते हुए गोवा की टीम दुबे की गेंदबाजी का सामना नहीं कर सकी। दुबे ने 38 रन देकर चार विकेट चटकाये जिनमें मंथन खुटकर (70) का विकेट शामिल था। विदर्भ के अन्य पांच गेंदबाजों के खाते में एक-एक विकेट गया। यह विदर्भ की लगातार तीसरी जीत है जिससे वह 18 अंक लेकर ग्रुप ए में शीर्ष पर है।

ध्रुव शोरे ने खेली थी 168 रन की शतकीय पारी

इससे पहले ध्रुव शोरे के 168 रन की मदद से आठ विकेट पर 442 रन बनाकर विदर्भ ने पहली पारी घोषित करके 222 रन की बढत ली थी। दानिश मालेवार ने 56 और अक्षय वाडकर ने 63 रन बनाये थे। गोवा ने पहली पारी में 220 रन बनाये थे। दूसरी पारी में खुटकर ने 160 गेंद में 70 रन बनाकर गोवा की उम्मीदें कायम रखी लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला। शिवेंद्र भुजबल ने 79 गेंद में 45 रन बनाये और बाकी बल्लेबाज नाकाम रहे।

विदर्भ ने दर्ज की सीजन में लगातार तीसरी जीत

विदर्भ का रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सीजन में प्रदर्शन शानदार रहा है। पुडेचेरी के 160 रन के अंतर से मात देकर भारतीय टीम ने सीजन की शुरुआत की थी। इसके बाद जम्मू कश्मीर के खिलाफ विदर्भ ने 3 विकेट से जीत दर्ज की और अब गोवा को पारी और 27 रन के अंतर से पटखनी देकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की है। विदर्भ की टीम एलीट ग्रुप ए में पहले पायदान पर बनी हुई है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article