स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी कर ली है। ऑस्ट्रेलिया की इस वापसी में जोस इंग्लिस और विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने अहम भूमिका निभाई। जोस इंग्लिस ने शतकीय पारी खेली। इस शतक की बदौलत जोस इंग्लिस ने ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट इतिहास में अनोखी उपलब्धि हासिल की। वह पहले ऐसे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज बने जिन्होंने तीनों फॉर्मेट में दो शतक जड़े हैं।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में जोस इंग्लिस ने 135 गेंद पर 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से 102 रन की पारी खेली। इस शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट इतिहास के ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए, जिसके नाम तीनों फॉर्मेट में दो-दो शतक हैं। जोस इंग्लिस ने टेस्ट में दो, वनडे में दो और टी20 में दो शतक जड़े हैं।
ऐसा है इंग्लिस का करियर
दाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अभी तक कुल छह टेस्ट मैच खेले हैं। इसकी 8 पारियों में दो शतक जड़े हैं। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा था। 43 वनडे मैच की 39 पारियों में इंग्लिस ने दो शतक जड़े हैं। वहीं, 49 टी20 मैच की 46 पारियों में जोस ने दो शतक जड़ा है।
ऑस्ट्रेलिया ने बढ़त
जोस इंग्लिस ऑस्ट्रेलिया के उभरते हुए स्टार बल्लेबाज हैं। अभी तक मिले मौकों भुनाते हुए इंग्लिस ने अपनी खास पहचान बना ली है। इंग्लिस की इस पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन दमदार वापसी की। दक्षिण अफ्रीका के बनाए 329 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 60 से ज्यादा रन की बढ़त हासिल कर ली है।
हार्मर की घातक गेंदबाजी
खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 72 रन की बढ़त हासिल कर ली थी और पहले सेशन का खेल जारी था। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 7 विकेट के नुकसान पर 401 रन बना लिए थे। क्रीज पर कूपर कॉनली और मिचेल स्टार्क जमे हुए थे। वहीं, साइमन हर्मर ने चार विकेट चटका चुके थे।
