मुंबई: चेन्नई सुपर किंग्स के बाद पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियन्स भी आईपीएल 2027 से पहले अपनी टीम की ओवरहालिंग में जुट गई है। जुबीन भरूचा की मुंबई पलटन में एंट्री के बाद टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने की जगह किरोन पोलार्ड को टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया गया। इसके बाद अब लसिथ मलिंगा, पारस म्हाम्ब्रे और कार्ल हॉपकिंसन की छुट्टी का आधिकारिक तौर पर ऐलान मुंबई इंडियन्स ने कर दिया है। इन तीनों की जगह कौन लेगा फ्रेंचाइजी ने इसका ऐलान नहीं किया है। फ्रेंचाइजी ने इन तीनों का उनके योगदान के लिए शुक्रिया अदा किया है।
खत्म हुआ मुंबई और मलिंगा का साथ
लसिथ मलिंगा मुंबई इंडियन्स का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। पहले वो बतौर खिलाड़ी टीम का हिस्सा रहे और उसके बाद बॉलिंग कोच के रूप में टीम से जुड़े। चार IPL और 2011 में चैंपियंस लीग टी20 की खिताबी जीत में उनकी भूमिका अहम रही। इसके बाद एक मेंटर और कोच के रूप में वापसी करने उन्होंने मुंबई की गेंदबाजी को धार दी। साल 2018 में पहली बार मुंबई के साथ बतौर बॉलिंग कोच मलिंगा जुड़े थे। साल 2022 में मलिंगा राजस्थान रॉयल्स के साथ गेंदबाजी सलाहकार के रूप में जुड़े थे लेकिन 2023 में उनकी फिर से मुंबई वापसी हुई और वो अबतक टीम से जुड़े रहे।
महाम्ब्रे ने गेंदबाजों को निखारने में निभाई अहम भूमिका
पारस म्हाम्ब्रे का मुंबई इंडियंस के साथ एक लंबा और मूल्यवान जुड़ाव रहा है। म्हाम्ब्रे एमआई पलटन के साथ 2010 से 2017 तक जुड़े रहे। इसके बाद उनकी साल 2024 में टीम में वापसी हुई। अपने दो कार्यकाल के दौरान मुंबई के गेंदबाजी टैलेंट को निखारने में उन्होंने अहम योगदान दिया।
कार्ल हॉपकिंसन का खत्म हुआ 2 साल का कार्यकाल
कार्ल हॉपकिंसन 2025 सीजन से पहले मुंबई इंडियंस के साथ बतौर फील्डिंग कोच जुड़े थे। वे अपने साथ इंग्लैंड क्रिकेट टीम के साथ काम करने का बहुमूल्य अंतरराष्ट्रीय अनुभव लेकर आए थे। मुंबई के साथ काम करते हुए उनके पेशेवर रवैये, विशेषज्ञता और टीम के फील्डिंग स्टैंडर्ड को बेहतर बनाने के प्रति उनके समर्पण की हमेशा सराहना हुई।
प्लेयर्स के स्तर पर भी हो सकते हैं बड़े बदलाव
मुंबई इंडियन्स की टीम साल 2020 में पांचवीं बार चैंपियन बनी था। 6 साल से वो खिताब अपने नाम नहीं कर सकी है। ऐसे में कोचिंग के बाद खिलाड़ियों के स्तर पर भी पड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। माना जा रहा है कि हार्दिक पांड्या को ट्रेड करके सूर्यकुमार यादव को टीम का नया कप्तान बनाया जा सकता है। हालांकि इस बारे में अबतक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है।
