स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बाएं हाथ के स्पिनर पार्थ भूत के 8 विकेट की मदद से सौराष्ट्र ने असम को एक पारी और 12 रन से हराकर रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। तीसरे दिन असम के सात विकेट 65 रन पर निकालने के बाद सौराष्ट्र की जीत औपचारिकता मात्र बची थी। पार्थ भूत ने सात रन के भीतर छह विकेट चटकाए। पार्थ भूत ने 18 ओवर में 17 रन देकर 8 विकेट लिए। असम की टीम दूसरी पारी में 94 रन पर आउट हो गई। पारी के अंतर से जीत के साथ सौराष्ट्र को एक बोनस अंक भी मिला।
असम के पहली पारी के 281 रन के जवाब में सौराष्ट्र ने 387 रन बनाये थे। असम की पहली पारी में सिबशंकर रॉय ने शतकीय पारी खेली थी। वहीं, कप्तान डेनिश दास ने 90 रन का योगदान दिया था। कप्तान जयदेव उनादकट ने तीन विकेट चटकाए, जबकि रवींद्र जडेजा और पार्थ भूत ने दो-दो विकेट लिए। सौराष्ट्र की तरफ से पहली पारी में हेतविक कोटक ने 80 रन और प्रेरक मांकड़ ने 76 रन की पारी खेली।
पार्थ भूत ने चटकाए 10 विकेट
पहली पारी के आधार पर सौराष्ट्र ने 106 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी असम की टीम भूत के आगे टिक नहीं पाई और एक के बाद एक विकेट गंवाए। पार्थ ने 18 ओवर में 10 मेडन करते हुए 8 विकेट चटकाए। पार्थ भूत ने कुल 10 विकेट का हॉल पूरा किया। यह उनका बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन रहा। वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी दो विकेट साथ कुल चार विकेट चटकाए। असम की दूसरी पारी 44 ओवर में ही सिमट गई और सौराष्ट्र ने जीत दर्ज करके प्वाइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। तीन मैच में एक जीत के साथ उनके 12 अंक हो गए हैं, जबकि दो मैच ड्रा रहे थे।
कर्नाटक ने त्रिपुरा को हराया
एक अन्य मैच में कर्नाटक ने भी त्रिपुरा को एक पारी और 116 रन से हराकर सात अंक हासिल किये। त्रिपुरा ने पहली पारी में 194 और दूसरी पारी में 180 रन बनाये। कर्नाटक ने पहली पारी नौ विकेट पर 490 रन बनाकर घोषित की थी। कर्नाटक के लिये श्रेयस गोपाल ने 36 रन देकर पांच विकेट लिये जबकि मनवंत कुमार और विजय कुमार विशाक को दो-दो विकेट मिले। वहीं, सिकंदराबाद में पंजाब और मेजबान हैदराबाद का मैच ड्रॉ रहा। पंजाब ने बिना किसी नुकसान के 57 रन से आगे खेलते हुए अपनी पारी छह विकेट पर 240 रन पर घोषित की थी।
यह भी पढे़ं- जोस इंग्लिस ने शतक जड़कर रचा इतिहास
