क्रिकेट

IND vs PAK: भारत-पाक मैच में शाहीन अफरीदी खेलेंगे या नहीं, रमीज राजा ने दिया ये जवाब

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 14, 2022, 01:29 PM IST

India vs Pakistan, T20 World Cup 2022: आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 में 23 अक्टूबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच में पाकिस्तानी टीम के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी खेलेंगे या नहीं, इसको लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष रमीज राजा ने बयान दिया है। जानिए रमीज राजा ने क्या कहा।

Image

शाहीन अफरीदी

Photo : Twitter

आईसीसी टी20 विश्व कप 2022 के महामुकाबले में जब 23 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी तो पूरी दुनिया की निगाहें इस मैच पर टिकी होंगी। हर एक खिलाड़ी का प्रदर्शन इस मैच में मायने रखेगा। इसी बीच जहां भारतीय क्रिकेट टीम को जसप्रीत बुमराह के रूप में झटका लगा है और वो टी20 विश्व कप से बाहर हो गए हैं। वहीं पाकिस्तान भी अपने शीर्ष तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की फिटनेस को लेकर चिंतित है। क्या शाहीन अफरीदी भारत-पाक मैच में खेलेंगे या नहीं, इसका जवाब पीसीबी के अध्यक्ष रमीज राजा ने दिया है।

जब भारत और पाकिस्तान पिछली बार टी20 विश्व कप के मुकाबले में आमने-सामने आए थे तब पाकिस्तानी पेसर शाहीन अफरीदी का जमकर जलवा देखने को मिला था। शाहीन अफरीदी ने उस मैच के अपने चार ओवरों में 31 रन देकर 3 विकेट लिए थे। शाहीन अफरीदी ने उस मुकाबले में भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों- केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली को पवेलियन का रास्ता दिखाया था और बाद में पाकिस्तान ने वो मुकाबला जीता भी था।

ऐसे में पाकिस्तानी टीम चाहती होगी कि उनका शीर्ष पेसर एक बार फिर भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप के आगामी मैच में जरूर खेले, लेकिन शाहीन अफरीदी चोट से उबर रहे हैं और वो खेलेंगे या नहीं, ये उनके सौ प्रतिशत फिट होने पर निर्भर करेगा। क्योंकि 22 वर्षीय अफरीदी श्रीलंका दौरे पर चोटिल होने के बाद इस साल जुलाई से मैदान से बाहर हैं।

शाहीन अफरीदी रिहैबिलिटेशन के बाद इंग्लैंड से ऑस्ट्रेलिया पहुंच गए हैं और पाकिस्तानी टीम के साथ जुड़ भी गए हैं। ऐसे में जब भारत-पाकिस्तान मैच में अफरीदी के खेलने या ना खेलने का सवाल पीसीबी प्रमुख रमीज राजा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 90 प्रतिशत ये तय है कि अफरीदी भारत-पाकिस्तान मैच में खेलने मैदान पर उतरेंगे।

रमीज राजा ने कहा, "मैंने उससे बात की है। हम डॉक्टर्स से संपर्क में हैं और जो फीडबैक हमको मिला है उसके मुताबिक 90 प्रतिशत वो खेलने को तैयार है। लेकिन घुटने की चोट काफी जटिल होती है, इसलिए हमको देखना होगा कि अभ्यास मैच खेलने के बाद उसको दर्द होता है या नहीं। उसका तो यही कहना है कि वो खेलने के लिए तैयार है और मुझे लगता है कि हम भी इसके लिए तैयार हैं।"

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article