क्रिकेट

भारतीय महिला टीम के पूर्व कोच रमेश पवार को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

रमेश पवार को बहुत जल्द नई जिम्मेदारी मिल सकती है। मुंबई के इस ऑफ-स्पिनर ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं और तब से अलग-अलग लेवल पर कोचिंग की भूमिका निभा रहे हैं।

Image

रमेश पवार (साभार-X)

पूर्व भारतीय ऑफ स्पिनर रमेश पवार को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार वह बीसीसीआई की जूनियर राष्ट्रीय चयन समिति का अध्यक्ष बनने की रेस में सबसे आगे हैं। पवार ने पिछले सीजन में गुजरात की सीनियर टीम को कोचिंग दी थी। उन्होंने दो बार भारतीय महिला टीम के कोच के रूप में भी काम किया था। उनका दूसरा कार्यकाल अचानक समाप्त हो गया जब उन्हें वीवीएस लक्ष्मण की अगुवाई वाली पुरुष टीम के स्पिन-गेंदबाजी कोच के रूप में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में भेज दिया गया।

मुंबई के इस ऑफ-स्पिनर ने भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं और तब से अलग-अलग लेवल पर कोचिंग की भूमिका निभा रहे हैं। बीसीसीआई ने जूनियर चयन समिति में पांच पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। यह समिति कोचिंग शिविरों के लिए अंडर-22 तक की आयु वर्ग की टीमों के चयन और घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय टीमों के खिलाफ भारत के जूनियर मैचों के लिए प्रतिभा खोजेगी और उन्हें तैयार करेगी।

बीसीसीआई की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, समिति घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के माध्यम से खिलाड़ियों की खोज और मूल्यांकन करेगी और भारत एवं विदेश में कोचिंग शिविरों, दौरों और टूर्नामेंटों के लिए टीमों के चयन और विकास में योगदान देगी। यह समिति बीसीसीआई जूनियर टूर्नामेंट और विदेशी जूनियर टीमों के दौरों का आयोजन और संचालन भी करेगी। इसके अलावा यह समिति जूनियर प्रतियोगिताओं के संचालन और प्रशासन से संबंधित मामलों को भी संभालेगी। इस समिति के सदस्य युवा खिलाड़ियों में ड्रग्स, सट्टेबाजी और मैच फिक्सिंग जैसे मुद्दों के बारे में जागरूकता भी फैलाएगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article