क्रिकेट

रविचंद्रन अश्विन ने वॉशिंगटन सुंदर की भूमिका को लेकर टीम मैनेजमेंट पर उठाए सवाल

टीम इंडिया के पूर्व धाकड़ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भारतीय टीम मैनेजमेंट पर वॉशिंगटन सुंदर की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जानिए इस बारे में क्या कहा?

Washington Sundar

वॉशिंगटन सुंदर (फोटो क्रेडिट Washington Sundar X)

नई दिल्ली: पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन को वॉशिंगटन सुंदर की टीम में भूमिका को स्पष्ट करना चाहिए और अगर ऐसा नहीं होता है तो यह ऑलराउंडर इसी गफलत में रहेगा कि आखिर उसकी भूमिका क्या है। अश्विन ने कहा कि वॉशिंगटन को गेंदबाज़ी ऑलराउंडर माना जाना चाहिए और उन्हें पूरे ओवर दिए जाने चाहिए जिससे बल्लेबाजी में भी उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में केवल सात ओवर फेंके और अभी तक उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है।

बॉलिंग ऑलराउंडर की तरह करें वॉशिंगटन का इस्तेमाल

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,'एक बार जब आपने वॉशिंगटन सुंदर को अंतिम एकादश में रखने का फैसला कर लिया, तो आपको उनकी भूमिका एक गेंदबाज के रूप में देखनी होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। आपको उन्हें उनके कोटे के सारे ओवर करवाने होंगे। लगातार गेंदबाजी करने पर ही उनकी (वॉशिंगटन) मानसिकता एक ऐसे गेंदबाज की होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। अगर वह सिर्फ बल्लेबाजी और कुछ ओवर गेंदबाजी करेगा तो वह यही सोचता रहेगा कि आखिर टीम में उसकी भूमिका क्या है। उसे इस स्थिति में नहीं छोड़ना चाहिए और टीम को उसकी उचित भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।'

टीम इंडिया को खल रही है फिनिशर की कमी

भारत दूसरे वनडे में 358 रन का बचाव करने में नाकाम रहा और दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट से जीत के साथ तीन मैचों की श्रृंखला बराबर कर ली। पहले वनडे में भारत ने 348 रन बनाए थे और यह मैच 17 रन से जीता था। अश्विन का मानना है कि हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में भारतीय टीम को एक अदद फिनिशर की कमी खल रही है। अश्विन ने कहा,'भारत ने पहले दोनों वनडे में भी बल्लेबाजी से अच्छा फिनिश नहीं किया। हमारे पास हार्दिक पंड्या जैसा फिनिशर नहीं है, तो नीतीश कुमार रेड्डी जैसा बल्लेबाज़ क्यों नहीं खेला।'

सुंदर की जगह नीतीश रेड्डी को प्लेइंग-11 में शामिल करने का दिया सुझाव

उन्होंने वॉशिंगटन की जगह नीतीश को अंतिम एकादश में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा,'मुझे लगता नहीं है कि वे ऋषभ पंत को फिनिशर के तौर पर देख रहे हैं या नहीं। भारत बल्लेबाजी में अच्छी तरह से फिनिश नहीं कर पा रहा है तो ऐसे में स्पिन ऑलराउंडर की जगह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को खिलाना चाहिए।'

(भाषा)

भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका पांचवे टी20 मैच का लाइव स्कोर की हर अपडेट (IND Vs SA Live Score Today Match) के लिए जुड़े रहे हमारे साथ।

नवीन चौहान
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article