क्रिकेट

IND vs WI 1st ODI Preview: फिर छाएंगे रोहित-कोहली, वर्ल्ड कप 2027 से पहले टीम इंडिया का बड़ा टेस्ट

IND vs WI Preview: वर्ल्ड कप 2027 से पहले भारत को 14 से 20 वनडे खेलने हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक बार फिर सभी की नजरें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी होंगी।

Image

भारत बनाम वेस्टइंडीज प्रीव्यू (फोटो साभार- X/AI)

IND vs WI Preview: वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में एक बार फिर सभी की नजरें विराट कोहली और रोहित शर्मा पर टिकी होंगी। दोनों दिग्गज फिर से आकर्षण का केंद्र होंगे, लेकिन साथ ही भारतीय टीम 2027 वर्ल्ड कप को देखते हुए युवाओं को परखना भी चाहेगी। वर्ल्ड कप से पहले भारत को 14 से 20 वनडे खेलने हैं, अगर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज तय शेड्यूल पर हुई तो। ये मैच अफ्रीका में होने वाले विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय मजबूत टीम बनाने में बेहद अहम हैं।

यशस्वी जायसवाल को लेकर सवाल

बड़ा सवाल यशस्वी जायसवाल को लेकर है। क्या उन्हें 50 ओवर फॉर्मेट में बनाए रखा जाए? कोहली के चोटिल होने पर जायसवाल ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच खेले थे, तब कप्तान शुभमन गिल को तीसरे नंबर पर उतरना पड़ा था। इंग्लैंड सीरीज में कोहली की वापसी के बाद गिल फिर ओपनर बन गए और जायसवाल टीम से बाहर हो गए। अब श्रेयस अय्यर और ईशान किशन के एशियन गेम्स में जापान जाने से जायसवाल की वापसी हुई है। अब मैनेजमेंट को तय करना है कि क्या जायसवाल को रोहित के साथ पहले मैच से ही ओपनिंग दी जाए या रोहित-गिल की जोड़ी बरकरार रखी जाए।

रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था शतक

रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में शतक जड़कर अपने भविष्य की अटकलों पर विराम लगाया था। उन्हें पता है कि लय बरकरार रखनी होगी, नहीं तो आलोचक हावी हो जाएंगे। वहीं कोहली की स्थिति ज्यादा मजबूत है। वह सचिन तेंदुलकर के बाद वनडे में 15000 रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनने से सिर्फ 51 रन दूर हैं। शुक्रवार को नेट्स में दोनों ने करीब 20 मिनट तक जिस अंदाज में बल्लेबाजी की, उससे उनकी भूख साफ दिखी।

हार्दिक पांड्या चोट की वजह से बाहर

युवा खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज गुरनूर बरार और औकिब नबी ने हाल में प्रभावित किया है, लेकिन उनके पास अनुभव की कमी है। हार्दिक पंड्या चोट के कारण बाहर हैं, इसलिए नितीश कुमार रेड्डी पर जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने बल्ले से अच्छा किया है, पर गेंदबाजी में सुधार की जरूरत है। 23 साल के इस ऑलराउंडर ने 6 वनडे में एक बार भी पूरे 10 ओवर नहीं फेंके हैं। इस सीरीज में उन्हें पूरा स्पेल मिल सकता है। गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने कहा, "अगर हम उन्हें ऑलराउंडर के तौर पर तैयार करते हैं तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा होगा। उनमें अदद ऑलराउंडर बनने की पूरी क्षमता है।" वेस्टइंडीज को न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ घर में करीबी हार को भुलाना होगा। हाल ही में उनकी मैच फीस में 25% कटौती हुई है, देखना होगा इसका असर प्रदर्शन पर पड़ता है या नहीं।

भारत का फुल स्क्वॉड

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ध्रुव जुरेल, नितीश रेड्डी, जडेजा, कुलदीप, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, सिराज, औकिब नबी, जायसवाल, नमन धीर।

वेस्टइंडीज का फुल स्क्वॉड

शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्डे, जस्टिन ग्रीव्स, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, रदरफोर्ड, जेडन सील्स।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article