क्रिकेट

विराट कोहली ने शुभमन गिल की कप्तानी को लेकर दे दिया बड़ा बयान, बोले- वह अभी सीख रहे..

Virat Kohli on Shubman Gill: विराट कोहली को कप्तानी में शुभमन गिल की रणनीति काफी पसंद आती है। उन्होंने कहा कि गिल में विरोधियों से एक कदम आगे रहने की योग्यता है। गिल के पास टीम इंडिया का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है।

Image

विराट ने गिल की कप्तानी पर कही ऐसी बात (फोटो साभार- BCCI)

Virat Kohli on Shubman Gill: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे से पहले टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने कप्तान शुभमन गिल की जमकर प्रशंसा की है। जियोस्टार से बातचीत में कोहली ने कहा कि गिल के पास टीम इंडिया का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है। कोहली ने कहा, "शुभमन अभी कप्तानी के गुर सीख रहे हैं। इस भूमिका में वह अभी नए हैं, लेकिन उनके पास भारतीय टीम का नेतृत्व करने के लिए सही दृष्टिकोण और इच्छाशक्ति है। मैदान पर टीम की रणनीति को लेकर उनकी राय स्पष्ट होती है। निश्चित तौर पर अधिक अनुभव और परिस्थितियों की समझ के साथ वह सुधार करते रहेंगे, जैसा कि प्रत्येक कप्तान करता है। लेकिन उनमें भारतीय क्रिकेट टीम का सही तरीके से नेतृत्व करने की इच्छाशक्ति है, जो महत्वपूर्ण है। इसलिए मुझे लगता है कि वह लंबे समय तक कप्तानी करेंगे।"

गिल की रणनीति आती है पसंद

कोहली को गिल की रणनीति काफी पसंद आती है। उन्होंने कहा कि गिल में विरोधियों से एक कदम आगे रहने की योग्यता है। "वह बल्लेबाजों को आउट करने के लिए नए-नए तरीके सोचते हैं, जो हमेशा कुछ अलग करने का संकेत है। वह दबाव बनाने के लिए अलग तरह से फील्डिंग सजाते हैं और खास तरह का गेंदबाजी आक्रमण लाने में संकोच नहीं करते।"

अपने खेल के बदलाव पर बोले ऐसा

जल्द ही 38 साल के होने वाले कोहली ने अपने खेल में आए बदलाव पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अब वह ज्यादा खुलकर खेलना चाहते हैं। पिछले 10 वनडे मैचों में कोहली ने तीन शतक, एक 90+ स्कोर और चार अर्धशतक बनाए हैं। कोहली ने कहा, "जो सबसे महत्वपूर्ण बदलाव आया है, वह यह है कि मैंने खुद से वादा किया है कि मैं और अधिक खुलकर खेलूंगा। लोगों की मुझसे क्या उम्मीदें हैं, मैं उनकी चिंता नहीं करूंगा। लंबे समय से मेरी भूमिका चीजों को स्थिर बनाए रखने की रही है। मुझे पता है कि मैं शॉट लगा सकता हूं, लेकिन मुश्किल पिच पर आप सोचते हैं कि मुझे एक विशेष भूमिका निभानी होगी।"

जोखिम लेने को तैयार विराट

कोहली का मानना है कि खेल बदल रहा है और अब 350-360 रन बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा, "मैं अब जोखिम लेने को तैयार हूं क्योंकि मुझे पता है कि अगर मैं रन बनाता हूं, तो हम आसानी से 350-360 रन बना लेंगे। और अगर मैं लंबी पारी खेलता हूं तो और भी अधिक रन बना सकता हूं। मैंने थोड़ा स्वच्छंद होकर खेलने का फैसला किया है। इससे मुझे IPL में भी मदद मिली। मैं स्वच्छंद होकर खेल पाया क्योंकि मैं यह नहीं सोच रहा था कि अगर मैं आउट हो गया तो स्थिति मुश्किल हो जाएगी।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article