क्रिकेट

प्रधानमंत्री मोदी ने की 1996 की विश्व कप विजेता श्रीलंकाई टीम के सदस्यों से मुलाकात

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने श्रीलंका दौरे के दौरान साल 1996 में विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के सदस्यों से मुलाकात की।

Image

साल 1996 की विश्व कप विजेता श्रीलंकाई टीम से मुलाकात करते पीएम नरेंद्र मोदी

कोलंबो: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1996 विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के सदस्यों से शनिवार को बातचीत की और कहा कि उनकी इस जीत ने अनगिनत खेल प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया था। प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। प्रधानमंत्री शुक्रवार रात द्विपक्षीय चर्चा और दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर के लिए यहां आये हैं।

श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर जीता था वर्ल्ड कप

श्रीलंका ने लाहौर में खेले गये 1996 विश्व कप फाइनल में मार्क टेलर की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को सात विकेट से हराया था। मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा,'क्रिकेट कनेक्ट (क्रिकेट से बढ़ता मेल-जोल) 1996 की विश्व कप विजेता श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के सदस्यों से बातचीत करके बहुत खुशी हुई। इस टीम ने अनगिनत खेल प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था।'

पीएम मोदी को भेंट किया मोमेंटो

इस अवसर पर कुमार धर्मसेना, अरविंद डिसिल्वा, सनथ जयसूर्या, चामिंडा वास, उपुल चंदना और मार्वन अटापट्टू सहित टीम के अन्य सदस्यों ने मोदी को एक स्मृति चिन्ह भेंट किया। प्रधानमंत्री के आधिकारिक सोशल मीडिया खाते से बातचीत की तस्वीरें पोस्ट करते हुए लिखा गया,'कोलंबो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1996 की श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के सदस्यों से बातचीत की, जिसने उस साल विश्व कप जीता था। यहां उनकी बातचीत की कुछ झलकियां साझा की गयी है।'

रणतुंगा की कप्तानी में श्रीलंका ने हासिल की थी विश्व विजय

अर्जुन रणतुंगा की अगुवाई वाली श्रीलंका ने डिसिल्वा के नाबाद 107 रनों की मदद से गद्दाफी स्टेडियम में 17 मार्च को खेले गए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट से हराया था। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को सात विकेट पर 241 रन पर रोकने के बाद तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article