क्रिकेट

तमीम इकबाल को 'भारत का एंजेंट' बोलना पड़ा भारी, नजमुल इस्लाम की BCB से हो गई छुट्टी

नोआखली एक्सप्रेस और चटगांव रॉयल्स के बीच बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) मैच में टॉस में देरी हुई। क्योंकि दोनों में से कोई भी टीम आयोजन स्थल पर नहीं पहुंची। दोनों टीम के खिलाड़ी नजमुल को तुरंत हटाने की मांग पर अड़े हुए थे। खिलाड़ियों और जनता के दबाव में बीसीबी को कार्रवाई करनी पड़ी और नजमुल को बोर्ड की वित्त समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। यह साफ नहीं है कि वह बीसीबी के निदेशक बने रहेंगे या नहीं।

BCB

बीसीसी ने नजमुल इस्लाम को पद से हटाया। फोटो- BCB

ढाका। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को बृहस्पतिवार को अपने वित्त समिति के अध्यक्ष नजमुल इस्लाम को पद से हटाना पड़ा। क्योंकि राष्ट्रीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों ने उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करने के लिए इस अधिकारी के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। नजमुल ने इससे पहले पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को 'भारत का एजेंट' बताया था। जब उन्होंने भारत के साथ गतिरोध को संयम से संभालने की बात कही थी और चेतावनी दी थी कि आज लिए गए फैसलों का असर 10 साल तक दिखेगा।

गुरुवार को नोआखली एक्सप्रेस और चटगांव रॉयल्स के बीच बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) मैच में टॉस में देरी हुई। क्योंकि दोनों में से कोई भी टीम आयोजन स्थल पर नहीं पहुंची। दोनों टीम के खिलाड़ी नजमुल को तुरंत हटाने की मांग पर अड़े हुए थे। खिलाड़ियों और जनता के दबाव में बीसीबी को कार्रवाई करनी पड़ी और नजमुल को बोर्ड की वित्त समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया गया। यह साफ नहीं है कि वह बीसीबी के निदेशक बने रहेंगे या नहीं।

बीसीबी जारी किया बयान

बीसीबी ने बयान में कहा, 'बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यह सूचित करना चाहता है कि हाल के घटनाक्रमों की समीक्षा के बाद और संगठन के सर्वोत्तम हित में बीसीबी अध्यक्ष ने नजमुल इस्लाम को वित्त समिति के अध्यक्ष के रूप में उनकी जिम्मेदारियों से तत्काल प्रभाव से मुक्त करने का फैसला किया है।'

यह हंगामा तब शुरू हुआ जब नजमुल ने 'सुरक्षा चिंताओं' के कारण अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप के लिए भारत जाने से बांग्लादेश के इनकार को दोहराते हुए देश के टूर्नामेंट से हटने पर खिलाड़ियों की पारिश्रमिक से जुड़ी चिंताओं को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मुआवजा नहीं दिया जाएगा। क्योंकि उन्होंने अब तक मिले समर्थन को सही साबित नहीं किया है और एक भी आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) प्रतियोगिता नहीं जीत पाए हैं। इस बयान से काफी हंगामा हुआ और सीडब्ल्यूएबी ने उन्हें तुरंत हटाने की मांग की।

बीसीबी ने नजमुल को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया।

बीसीबी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, 'बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) बोर्ड के एक सदस्य द्वारा हाल ही में की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों पर अपना खेद फिर दोहराता है। बीसीबी इन टिप्पणियों से हुई चिंता को स्वीकार करता है और पेशेवरपन, क्रिकेटरों के प्रति सम्मान और क्रिकेट के खेल को बढ़ावा देने वाले मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।'

बांग्लादेश भारत जाने से इनकार कर रहा है और सुरक्षा चिंताओं का हवाला दे रहा है क्योंकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर कर दिया गया था। मुस्ताफिजुर को बाहर करने के लिए 'चारों ओर की घटनाओं' का हवाला दिया गया। बीसीबी अब भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ बातचीत कर रहा है जिससे कि कोई रास्ता निकाला जा सके क्योंकि वैश्विक संचालन संस्था ने भारत में बांग्लादेश के चार मैच को श्रीलंका में स्थानांतरित करने में अनिच्छा जताई है।

(भाषा)

उमेश कुमार
उमेश कुमार author

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से... और देखें

End of Article