वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेला जाना है। इसके लिए कार्यक्रमों की घोषणा आईसीसी ने ठीक एक साल पहले कर दी है। इस बार का वर्ल्ड कप 14 टीमों के बीच खेला जाएगा जो लंबा चलेगा। वर्ल्ड कप 2027 का आगाज दो अक्टूबर को जबकि इसका फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा।
रोहित-कोहली का आखिरी वर्ल्ड कप
विराट कोहली ने पहले ही ऐलान कर दिया है कि इस बार का वनडे वर्ल्ड कप उनके करियर का आखिरी है। रोहित और कोहली ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद एक साथ इस फॉर्मेट को अलविदा कह दिया था। टेस्ट से भी संन्यास की घोषणा दोनों ने 10 दिन के भीतर कर दिया था। कोहली के साथ रोहित का भी यह आखिरी वर्ल्ड कप होने जा रहा है और फैंस इस मौके को गंवाना नहीं चाहते। यही कारण है कि वर्ल्ड कप की टिकटों को लेकर गजब का क्रेज देखा जा रहा है।
12 दिन में डेढ़ करोड़ टिकटों के आवेदन
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मंगलवार को कहा है कि उसे 12 दिन पहले 2027 विश्व कप के टिकटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के बाद से अब तक 142 देशों से डेढ़ करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं जो इस वर्ल्ड कप को लेकर फैंस के उत्साह को दिखाता है। आईसीसी ने एक बयान में कहा, ’’अब तक टिकटों के लिए एक करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिले हैं जिसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 पंजीकरण कराए हैं।’’
टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवंबर 2026 तक कराया जा सकता है जिसके ठीक एक साल बाद जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में फाइनल का आयोजन होगा।
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ’’टिकटों की भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण तथा टूर्नामेंट के आगाज से पहले आईसीसी और उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुई उत्सुकता का प्रमाण है।’’ क्रिकेट विश्व कप 24 साल के अंतराल के बाद दक्षिण अफ्रीका लौट रहा है।
फैंस के बीच आईसीसी का प्रमोशन
टिकटों की ये डिमांड आने वाले महीनों में और बढ़ने वाली है। संजोग गुप्ता के अनुसार 'टूर्नामेंट शुरू होने में एक साल शेष है और आईसीसी ने इस दौरान व्यापक स्तर पर प्रचार गतिविधियों, विभिन्न मंचों पर अभियान और विशेष सामग्री की शृंखला की योजना बनाई है। इससे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 को लेकर प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ेगा।’’
