सिक्सर किंग युवराज सिंह को आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स का असिसटेंट बैटिंग कोच नियुक्त किया गया है। दिल्ली कैपिटल्स के साथ यह उनके कोचिंग का पहला अनुभव होगा। हालांकि, इससे पहले उन्होंने स्वतंत्र रूप से अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह जैसे कई भारतीय क्रिकेटरों को ट्रेनिंग दी है।
2015 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल चुके युवराज को इस टीम ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह उस वक्त आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे। युवराज इस टीम में सौरव गांगुली के नेतृत्व में काम करेंगे जिन्हें हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
दिल्ली कैपिटल्स ने किया ऐलान
दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य कोच सौरव गांगुली ने युवराज की नियुक्ति की खबर शेयर की। दिल्ली कैपिटल्स ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें गांगुली उनका स्वागत कर रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स के चेयरमैन पार्थ जिंदल ने युवराज का स्वागत करते हुए कहा, "उनके इस टीम से जुड़ने से हम बेहद खुश हैं। युवी भारतीय क्रिकेट के महानतम मैच विनर्स में से एक हैं और उन्होंने आज के प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने में अहम भूमिका निभाई है। उनका अनुभव, जीतने की मानसिकता और खिलाड़ियों से जुड़ने की क्षमता हमारी टीम के लिए अमूल्य साबित होगी।"
युवराज सिंह का क्रिकेट करियर
युवराज ने 132 आईपीएल मैच भी खेले हैं, जिनमें उन्होंने 2750 रन बनाए और 36 विकेट लिए। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर भी शानदार रहा है, जिसमें उन्होंने 17 वर्षों में 40 टेस्ट, 304 वनडे और 58 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
इस नई जिम्मेदारी से उत्साहित युवराज सिंह ने कहा ' मेरा इस फ्रेंचाइजी से पुराना नाता है। मैं दादा (सौरव) के साथ कोच के तौर पर काम करने के लिए भी उत्सुक हूं," कोचिंग एक ऐसी चीज है जिसके प्रति मैं बेहद जुनूनी हूं, और मैं इस बेहद प्रतिभाशाली टीम के साथ शुरुआत करने के लिए बेताब हूं।"
