क्रिकेट

Ranji Trophy 2026-27: मुंबई ने चंडीगढ़ को और हैदराबाद ने त्रिपुरा को तीन दिन के भीतर हराकर हासिल किया बोनस प्वाइंट

रणजी ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई और हैदराबाद की टीम ने सीजन का धमाकेदार आगाज किया। दोनों ने अपने-अपने मुकाबले 3 दिन के भीतर जीत लिए और बोनस प्वाइंट भी हासिल कर लिया।

Image

रणजी ट्रॉफी 2026-27 (साभार-x)

रणजी ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई और हैदराबाद ने अपने-अपने मैच 3 दिन के भीतर जीत लिए हैं। मुंबई ने चंडीगढ़ को जबकि हैदराबाद ने त्रिपुरा को हराकर जीत के साथ शुरुआत की है। एलीट ग्रुप डी मुकाबले में मंगलवार को मुंबई ने चंडीगढ़ को पारी और 155 रन से हराया। तीन दिन के अंदर जीत दर्ज करने के कारण मुंबई ने बोनस अंक भी हासिल किया। वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई के गेंदबाजों ने चंडीगढ़ की दूसरी पारी में भी शानदार प्रदर्शन किया।

मुंबई ने हासिल की 351 रन की बढ़त

मुंबई ने पहली पारी में कप्तान सिद्धेश लाड के 86, मुशीर खान के 65 रन, कोटियन के 58 और मोहित अवस्थी के नाबाद 56 रन की पारी के दम पर 429 रन बनाए थे। उसके बाद उसने तुषार देशपांडे के फाइफ के दम पर चंडीगढ़ को पहली पारी में महज 78 रन पर समेट दिया था। 351 रन की बढ़त हासिल करने वाली मुंबई ने चंडीगढ़ को फॉलोऑन दिया और उसकी दूसरी पारी को भी 196 रन पर रोक दिया।

चंडीगढ़ ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक एक विकेट गंवाया था। मुंबई के गेंदबाजों ने मंगलवार को मेहमान टीम की दूसरी पारी 52.1 ओवर में 196 रन पर समेट दी। शम्स मुलानी ने 69 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि तनुष कोटियान ने 30 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

हैदराबाद ने त्रिपुरा को दी पटखनी

वहीं एलीट ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में हैदराबाद ने तीसरे दिन त्रिपुरा को पारी और 40 रन से जीत के साथ अपने अभियान का शानदार आगाज किया। तेज गेंदबाज तन्य त्यागराजन और मोहम्मद सिराज ने मिलकर आठ विकेट चटकाए जिससे हैदराबाद ने दूसरी पारी में त्रिपुरा को 120 रन पर समेट दिया। त्रिपुरा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 99 रन बनाए थे।

हैदराबाद को इस जीत से बोनस अंक सहित कुल सात अंक मिले। त्यागराजन ने 52 रन देकर छह विकेट चटकाते हुए त्रिपुरा की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी जबकि भारत के तेज गेंदबाज सिराज ने नौ ओवर में 19 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

त्यागराजन ने पहले सत्र में रात के नाबाद बल्लेबाज सेंतु सरकार को जल्दी आउट कर दिया जिसके बाद त्रिपुरा की टीम अधिक देर नहीं टिक सकी। त्रिपुरा ने पहली पारी में 134 रन बनाए थे जिसके जवाब में हैदराबाद ने 294 रन बनाकर बड़ी बढ़त हासिल की थी। हैदराबाद अब 18 अक्टूबर से ग्रुप के अपने दूसरे मुकाबले में आंध्र से भिड़ेगा जबकि त्रिपुरा का सामना असम से होगा।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article