9 सितंबर से शुरू हो रहे एशिया कप के लिए जब पाकिस्तान की टीम का ऐलान किया गया तो सभी आश्चर्यचकित थे। दरअसल 17 सदस्यीय इस स्क्वॉड में पाकिस्तान के स्टार खिलाड़ी बाबर आजम और विकेटकीपर बल्लेबाज बाबर आजम का नाम नहीं था। उस वक्त टीम के हेड कोच माइक हेसन ने कहा था कि बाबर को स्ट्राइक रेट पर काम करने के लिए कह दिया गया है, लेकिन अब इस पर पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी का बयान आया है।
मेरा इसमें कोई रोल नहीं, बोले नकवी
बाबर और रिजवान को एशिया कप टीम में जगह न मिलने को लेकर जब पीसीबी चीफ से सवाल किया गया तो उन्होंने साफ लफ्जों में कहा कि इसमें उनका एक प्रतिशत भी रोल नहीं है और यह काम पूरी तरह से सेलेक्टर का है। नकवी ने कहा 'सबसे पहले, खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने या बाहर करने में मेरा 1% भी कोई रोल नहीं है।
"हमारे पास एक चयन समिति है और फिर एक सलाहकार निकाय है, वे सब मिलकर बैठते हैं। यह प्रक्रिया बहुत लंबी होती है। चर्चाएँ 8–10 घंटे तक चलती हैं, कभी-कभी 2–3 दिन तक। अगर टीम का चयन किया जा रहा है तो यह सुरक्षित हाथों में है, वहां सभी पेशेवर मौजूद हैं। मैंने उन्हें सिर्फ एक ही बात कही है। जो भी निर्णय वे लें, वह मेरिट के आधार पर होना चाहिए, और मैं उसका समर्थन करूंगा।
टी20 में सबसे ज्यादा रन बाबर के नाम
आपको बता दें कि टी20 क्रिकेट में पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की लिस्ट में टॉप 2 पर बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ही हैं। बाबर आजम ने 128 मैच की 121 पारी में 39.83 की औसत और 129.22 की स्ट्राइक रेट से 4,223 रन बनाए हैं। वहीं मोहम्मद रिजवान ने 106 मैच की 93 पारी में 47.41 की औसत और 125.37 की स्ट्राइक रेट से 3,414 रन बनाए हैं। दोनों दिसंबर 2024 के बाद से टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेले हैं।
कैसी है एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम
एशिया कप में पाकिस्तान की टीम सलमान अली आगा के नेतृत्व में उतरेगी। इस स्क्वॉड में सीनियर खिलाड़ियों की बात करें तो शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और हसन अली जैसे नाम हैं, जबकि युवा खिलाड़ियों में सैम अयूब और साहिबजादा फरहान जैसे नाम को शामिल किया गया है। एशिया कप से पहले पाकिस्तान को ट्राईसीरीज भी खेलना है जिसमें बाकी दो टीमें यूएई और अफगानिस्तान है।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान की टीम (Pakistan Squad Asia Cup)
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, फहीम अशरफ, फ़ख़र जमान, हारिस रऊफ, हसन अली, हसन नवाज़, हुसैन तलत, खुशदिल शाह, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज़, मोहम्मद वसीम जूनियर, साहिबज़ादा फरहान, सैम अयूब, सलमान मिर्जा, शाहीन शाह अफरीदी और सुयान मोकीम।
