क्रिकेट

Pakistan Team Batting Coach: पाकिस्तान टीम के नए बल्लेबाजी कोच के नाम का ऐलान, इन पदों पर कर चुके हैं काम

Pakistan Team Batting Coach: पाकिस्तान की मेजबानी में चैम्पियंस ट्रॉफी का आगाज होगा। इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। बोर्ड ने टीम के नए बल्लेबाजी कोच के नाम का ऐलान कर दिया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- Pakistan Cricket X)

Photo : Twitter

Pakistan Team Batting Coach: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के हाल में संपन्न दौरे में खिलाड़ियों के संघर्ष करने के बाद शाहिद असलम को एक बार फिर सीमित ओवरों की राष्ट्रीय टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। असलम पहले भी सहायक कोच, क्षेत्ररक्षण कोच और सहायक मैनेजर के रूप में पाकिस्तान टीम के साथ कई साल तक काम कर चुके हैं।वह पिछले दो साल से लाहौर में हाई परफोर्मेंस सेंटर में कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

इससे पहले पूर्व टेस्ट कप्तान मोहम्मद यूसुफ राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजी कोच के रूप में काम कर रहे थे लेकिन फिर उन्हें राष्ट्रीय चयनकर्ता बना दिया गया। यूसुफ ने हालांकि बाद में चयनकर्ता और बल्लेबाजी कोच का पद छोड़ दिया और हाई परफोर्मेंस केंद्र में काम करने लगे। यूसुफ ने हाल में हाई परफोर्मेंस केंद्र में भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया था लेकिन पीसीबी ने उनका इस्तीफा अस्वीकार कर दिया।

अब सीमित ओवरों की टीम के अंतरिम कोच आकिब जावेद की सिफारिश पर असलम को बल्लेबाजी कोच बनाया गया है। पीसीबी ने सोमवार को आकिब को अगले साल की शुरुआत में होने वाली आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी तक सीमित ओवरों की टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया था क्योंकि ऑस्ट्रेलिया के जेसन गिलेस्पी ने सभी प्रारूपों का कोच बनने की पेशकश ठुकरा दी थी।

पाकिस्तान की मेजबानी में होना है चैम्पियंस ट्रॉफी

पाकिस्तान की मेजबानी में अगले साल फरवरी-मार्च में चैम्पियंस ट्रॉफी का भव्य आयोजन होना है। इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान, भारत सहित 8 टीमें उतरेंगी। हालांकि, टूर्नामेंट के शेड्यूल का ऐलान नहीं हुआ है। अभी ट्रॉफी टूर का आयोजन चल रहा है। टूर्नामेंट की ट्रॉफी अगले साल जनवरी में भारत आएगी।

(भाषा इनपुट के साथ)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article