भारत-पाकिस्तान की टीम जब भी आमने-सामने होती है तो फैंस में गजब का उत्साह और जोश नजर आता है। मैदान पर भले दो टीम खेलती है पर ऐसा लगता है कि दोनों देशों के फैंस भी पूरी एनर्जी के साथ अपने-अपने टीम को सपोर्ट कर रहे हैं। वर्ल्ड कप 2023 में भी भारत-पाकिस्तान का मुकाबला तय हो गया है। यह मुकाबला 15 अक्टूबर को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज ने भारत के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग का मजाक उड़ाया है।
सहवाग को आउट करना सबसे आसान
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान नावेद उल हसन ने भारत केल बल्लेबाजों को लेकर अनोखा दावा किया है और बताया है कि उनके अनुसार किस भारतीय बल्लेबाज को आउट करना आसान और किसे मुश्किल है। नादिर अली पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान नावेद उल हसन ने कहा 'वीरेंद्र सहवाग को आउट करना सबसे आसान था। उन्होंने आगे कहा कि राहुल द्रविड़ को गेंद डालना सबसे मुश्किल था।'
सहवाग ने पाकिस्तान को किया परेशान
वीरेंद्र सहवाग की बल्लेबाजी की बात करें तो उन्होंने अपने आक्रामक अंदाज के कारण टेस्ट क्रिकेट को पूरी तरह से बदल दिया। सहवाग ने भारत की तरह से पहला ट्रिपल सेंचुरी भी साल 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में मारा था। सहवाग के क्रिकेट करियर की बात करें तो सहवाग ने 104 टेस्ट मैच में 49.34 की औसत से 8,586, 251 वनडे मैच में 35.06 की औसत से 8,273 और 19 T20I में 21.89 की औसत से 394 रन बनाए हैं।
वहीं नावेद उल हसन का करियर न केवल सहवाग की तुलना में बेहद छोटा रहा है, बल्कि उन्होंने अपने करियर में कुछ खास उपलब्धि भी हासिल नहीं की है। नावेद ने पाकिस्तान के लिए केवल 9 टेस्ट और 74 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम क्रमश: 18 और 110 विकेट हैं।
