क्रिकेट

पाकिस्तान के चयनकर्ता ने पीसीबी से की हेड कोच माइक हेसन के पर कतरने की मांग, जानिए क्यों

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता ने टीम के हेड कोच माइक हेसन के पर कतरने की मांग पीसीबी से की है। वो उन्हें टीम चयन में दी गई आजादी से खुश नहीं हैं। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

माइक हेसन (फोटो ICC)

लाहौर:पाकिस्तान के राष्ट्रीय चयनकर्ता सीमित ओवरों की क्रिकेट के मुख्य कोच माइक हेसन को टीम के चयन में मिली आजादी से खुश नहीं हैं और उनका मानना है कि इस पर अंकुश लगाए जाने की जरूरत है। पाकिस्तान के चयनकर्ता आकिब जावेद, मिस्बाह उल हक, सरफराज अहमद और असद शफीक ने शनिवार को लाहौर में एक मीडिया कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से टीम के बांग्लादेश से लौटने के बाद राष्ट्रीय टीम के चयन ढांचे की समीक्षा करने का अनुरोध किया है।

टीम के लिए नई चयनप्रणाली करेंगे तैयार

आकिब ने कहा,'टीम के स्वदेश लौटने के बाद हम कोच और कप्तान के साथ बैठकर चर्चा करेंगे और राष्ट्रीय टीम के लिए उपयुक्त चयन प्रणाली तैयार करेंगे।' आकिब पीसीबी के हाई परफॉर्मेंस सेंटर के निदेशक भी हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल मई में हेसन के कार्यभार संभालने तक चयनकर्ता घरेलू और विदेशी श्रृंखला के दौरान अंतिम एकादश के चयन में भी अपनी भूमिका निभाते थे। उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया कि हेसन पर हाल ही में टी20 विश्व कप के दौरान बाबर आजम और कुछ अन्य खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने और खिलाने के लिए दबाव डाला गया था।

मुख्यकोच ने किया 21 में 15 खिलाड़ियों का चयन

आकिब ने कहा,'चयनकर्ताओं ने मुख्य कोच और कप्तान को 21 खिलाड़ियों की सूची दी थी और उन्होंने अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन किया। इसके अलावा प्रत्येक मैच में अंतिम एकादश का फैसला भी कप्तान और कोच ने किया। अंतिम एकादश के चयन को लेकर हाल में व्यवस्था में बदलाव हुआ है लेकिन हम टीम के लौटने के बाद इसकी समीक्षा करेंगे।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article