Pakistan Team Fitness Report: पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर हंगामा खड़ा हो गया है। यह हंगामा टी20 वर्ल्डकप में खिलाड़ियों के चयन को लेकर खड़ा हुआ है। बताया जा रहा है फिजिकली अनफिट होने के बाद भी दो बड़े खिलाड़ी टी20 वर्ल्डकप खेल गए। ये दोनों खिलाड़ी पूर्व कप्तान बाबर आजम और स्टार बल्लेबाज फखर जमां है। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों खिलाड़ी अनफिट थे इसके बाद भी उनका टीम में चयन हुआ और वह वर्ल्डकप खेले।
क्या T20 वर्ल्डकप के दौरान अनफिट थे बाबर और फखर
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के मेडिकल पैनल ने इस बात को लेकर संदेह जताया है कि टी20 वर्ल्ड कप के दौरान दोनों खिलाड़ी फिट नहीं थे। इसके बाद भी दोनों को टीम में शामिल किया गया। टी20 वर्ल्ड कप के बाद इन दोनों खिलाड़ियों की जब मेडिकल जांच हुई, तो बहुत ही चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यूके स्थित स्पोर्ट्स मेडिसिन कंसल्टेंट डॉ. जावेद मुगल ने दोनों खिलाड़ियों के फिटनेस के मुद्दे को उठाया। वहीं पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के वरिष्ठ चयनकर्ता आकिब जावेद पिछले हफ्ते जब बांग्लादेश सीरीज के लिए टीम घोषित कर रहे थे। उस समय उन्होंने इशारे-इशारे में बताया था कि कि बोर्ड इन दोनों की फिटनेस परिस्थितियों की जांच करने जा रहा है।
फिजियो क्लिक डीकन संदेह के घेरे में
बाबर आजम और फखर जमां के फिटनेस वाले विवाद के केंद्र में टीम के फिजियोथेरेपिस्ट क्लिफ डीकन आ गए हैं। चयन समिति ने कहा कि क्लिक डीकन ने ही इन दोनों खिलाड़ियों को चयन का क्लीयरेंस दिया था। डीकन पर पहले भी ऐसे आरोप लगते रहे हैं कि चोटों के बावजूद वह खिलाड़ियों के साथ अच्छे संबंधों के चलते उन्हें खेलने की अनुमति दे देते हैं। अब जांच इस दिशा में आगे बढ़ रही है कि क्या सच में जानबूझकर क्लिक डीकन ने अनफिट खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर खेलने की अनुमति दी। बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद बाबर आजम की हैमस्ट्रिंग इंजरी शुरुआती जांच से कहीं अधिक गंभीर निकली है। वह नेशनल टी20 चैंपियनशिप से बाहर हैं और नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में रिहैब कर रहे हैं। वहीं महीनों से फिटनेस समस्याओं से जूझ रहे फखर जमां ने पिछले दिनों नेशनल टी20 कप के जरिए मैदान पर वापसी की है।
