PAK vs ENG 3rd Test, Rehan Ahmed to debut: पाकिस्तान और इंग्लैंड (Pakistan vs England) के बीच जब शनिवार को टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला शुरू होगा तो उसमें इंग्लिश टीम 3-0 से क्लीन स्वीप दर्ज करके इतिहास रचने उतरेगी। इस मैच में कई खास रिकॉर्ड्स बनने की उम्मीद भी है। लेकिन एक रिकॉर्ड ऐसा है जो शनिवार को मैच शुरू होते ही बन जाएगा। हम बात कर रहे हैं इंग्लैंड के खिलाड़ी रेहान अहमद (Rehan Ahmed) की।
क्या रिकॉर्ड बनने जा रहा है?
जब कराची में खेले जाने वाले इस तीसरे टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टीम मैदान पर उतरेगी तो इस इंग्लिश एकादश में रेहान अहमद भी मौजूद होंगे। रेहान अपने टेस्ट व अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने जा रहे हैं। खास बात ये है कि उनकी उम्र सिर्फ 18 साल 126 दिन है। यानी वो इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने वाले इतिहास के सबसे युवा इंग्लिश क्रिकेटर बन जाएंगे।
कौन हैं रेहान अहमद?
रेहान अहमद का जन्म 13 अगस्त 2004 को इंग्लैंड के नॉटिंघमशायर में हुआ था। लेकिन यहां एक और दिलचस्प पहलू भी है। जिस देश के खिलाफ वो अपना टेस्ट डेब्यू करने जा रहे हैं, उनकी जड़ें भी उसी देश से जुड़ी हैं। दरअसल, रेहान के पिता नईम अहमद का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और इंग्लैंड जाने से पहले वो भी पाकिस्तान में एक क्रिकेटर थे। रेहान ने कम उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया और पिता का पूरा समर्थन मिला। नॉटिंघमशायर के जूनियर क्रिकेट से शुरुआत की लेकिन बाद में 2017 में लेस्टरशायर क्लब चले गए। सिर्फ 13 साल की उम्र में उनकी प्रतिभा को वहां सब पहचान चुके थे।
ऑलराउंडर हैं रेहान, ऐसे हैं आंकड़े
पाकिस्तानी मूल का ये युवा इंग्लिश क्रिकेटर एक ऑलराउंडर है जो दाएं हाथ से बल्लेबाजी करता है और दाएं हाथ से लेग ब्रेक गेंदबाजी भी। उन्होंने अपना लिस्ट-ए क्रिकेट डेब्यू पिछले ही साल (2021) लेस्टरशायर के लिए रॉयल लंदन वनडे कप के जरिए किया था। उससे पहले वो भारत के इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया के खिलाफ अभ्यास मुकाबले में काउंटी सेलेक्ट इलेवन का भी हिस्सा रह चुके थे। अब तक रेहान ने 3 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैचों में 195 रन बनाए हैं और 9 विकेट लिए हैंं। जबकि लिस्ट-ए (50 ओवर) क्रिकेट के 7 मैचों में 89 रन और 5 विकेट उनके नाम दर्ज हैं। इसके अलावा टी20 क्रिकेट के 19 मैचों में वो 100 रन और 21 विकेट अपने नाम कर चुके हैं।
