बिजनेस

Festive Shopping कैश से करें या Credit Card से? जानें किसमें होगा ज्यादा फायदा

फेस्टिव सीजन में अच्छी डील्स और ऑफर्स देख कर हर दूसरा व्यक्ति शॉपिंग करने का इच्छुक होता है। हालांकि, सवाल यही कि फेस्टिव शॉपिंग कैश से करनी चाहिए या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करना चाहिए?

Image

फेस्टिव शॉपिंग कैश से करें या क्रेडिट कार्ड का करें इस्तेमाल (Photo: iStock)

त्योहारों का सीजन (Festive Season) आते ही बाजारों से लेकर ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म (Online Shopping Platform) तक आकर्षक ऑफर्स और डील्स की भरमार हो जाती है। कहीं स्मार्टफोन पर डिस्काउंट मिल रहा है, तो कहीं टीवी, फ्रिज, कपड़ों और घरेलू सामान पर कैशबैक दिया जा रहा है। ऐसे में लोग जमकर खरीदारी (Festive Shopping) करते हैं। लेकिन शॉपिंग के दौरान एक सवाल अक्सर सामने आता है कि पेमेंट कैश से करना बेहतर है या क्रेडिट कार्ड (Credit Card) से? सही विकल्प चुनकर आप न सिर्फ पैसे बचा सकते हैं, बल्कि अपने खर्च को भी बेहतर तरीके से मैनेज कर सकते हैं।

कैश से खरीदारी करने के क्या हैं फायदे?

कैश से खरीदारी करने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप अपनी जेब में मौजूद पैसों के हिसाब से खर्च करते हैं। इससे बजट से बाहर जाने की संभावना कम रहती है। क्रेडिट कार्ड (Credit Card) की तरह बाद में बिल चुकाने की चिंता भी नहीं होती। साथ ही, कई लोकल दुकानदार कैश पेमेंट पर बेहतर कीमत या अतिरिक्त छूट देने के लिए तैयार हो सकते हैं। हालांकि, ऐसी छूट मिलना दुकानदार और खरीदारी पर निर्भर करता है।

अगर आप त्योहारों के दौरान बजट बनाकर खर्च करना चाहते हैं और कर्ज से बचना चाहते हैं, तो कैश अच्छा विकल्प हो सकता है। लेकिन इसमें क्रेडिट कार्ड (Credit Card) वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स, बैंक ऑफर्स और कैशबैक का फायदा आमतौर पर नहीं मिलता।

क्रेडिट कार्ड से शॉपिंग करने पर कितना फायदा?

फेस्टिव सीजन में क्रेडिट कार्ड कंपनियां और बैंक कई तरह के ऑफर्स देते हैं। इनमें इंस्टेंट डिस्काउंट, कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स और चुनिंदा खरीदारी पर नो-कॉस्ट ईएमआई जैसे विकल्प शामिल हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, अगर आप 20,000 रुपये का स्मार्टफोन खरीद रहे हैं और कार्ड पर 10% का इंस्टेंट डिस्काउंट मिलता है तो आपको 2,000 रुपये की बचत हो सकती है। ऐसे में फोन की कीमत 18,000 रुपये रह जाएगी।

हालांकि, ऑफर की शर्तें जरूर जांचनी चाहिए। कुछ डील्स केवल चुनिंदा कार्ड, न्यूनतम खरीदारी या निर्धारित ट्रांजैक्शन पर लागू होती हैं। इसके अलावा, क्रेडिट कार्ड का पूरा बिल समय पर नहीं चुकाने पर ब्याज और अन्य शुल्क आपकी बचत खत्म कर सकते हैं।

किस विकल्प को चुनना रहेगा बेहतर?

अगर आपके पास खरीदारी के लिए अच्छी-खासी बचत है और आप खर्च को सीमित रखना चाहते हैं तो कैश से पेमेंट करना अच्छा विकल्प है। वहीं, अगर आप क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का इस्तेमाल समझदारी से करते हैं, पूरा बिल समय पर चुका सकते हैं और उपलब्ध ऑफर से बचत हो रही है, तो कार्ड ज्यादा फायदेमंद हो सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article