क्रिकेट

PAK vs AUS: ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले पाकिस्तान टीम को लगा बड़ा झटका, दिग्गज ने वनडे और टी20 टीम के इस पद से दिया इस्तीफा

PAK vs AUS: पाकिस्तान की टीम आगामी दिनों में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाने वाली है। इस दौरान दोनों टीमों के बीच तीन वनडे और तीन टी20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी। इस दौरे से पहले पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लगा। टीम के हेड कोच ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाड़ी। (फोटो- Mohammad Rizwan Twitter)

Photo : Twitter

PAK vs AUS: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सफेद गेंद के मुख्य कोच गैरी कर्स्टन ने अपने पद से इस्तीफे की घोषणा की है। पाकिस्तान के व्हाइट बॉल कोच के तौर पर उनका करार 2 साल का था, जो मात्र 6 महीने में ही खत्म हो गया। बताया जा रहा है कि इस्तीफे की वजह बोर्ड के साथ उनकी अनबन है।

रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर गैरी कर्स्टन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के साथ ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए टीम के चयन और टीम की घोषणा को लेकर असहमत थे। यह मतभेद तब और बढ़ गया जब कथित तौर पर पीसीबी ने गैरी कर्स्टन के टीम के बारे में सुझावों पर ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण उन्होंने मुख्य कोच पद से हटने का फैसला किया।

सूत्रों ने आईएएनएस को बताया, "पीसीबी ने यही तरीका तब अपनाया था जब उसकी नई चयन समिति ने टेस्ट कोच जेसन गिलेस्पी और कप्तान शान मसूद को टीम चयन में शामिल होने से मना कर दिया था। चयन समिति का रवैया जेसन गिलेस्पी को अच्छा नहीं लगा था। दूसरी ओर गैरी कर्स्टन ने एक अलग रास्ता अपनाया है और अपने इस्तीफे की घोषणा की है।"

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बाएं हाथ के बल्लेबाज गैरी कर्स्टन को अप्रैल 2024 में दो साल के अनुबंध पर पाकिस्तान का व्हाइट-बॉल कोच नियुक्त किया गया था। हालांकि, टी20 विश्व कप अभियान में पाकिस्तान टीम के खराब प्रदर्शन ने उनकी नियुक्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

सूत्रों का कहना है कि कर्स्टन की जगह कुछ समय के लिए पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अकीब जावेद को कोच बनाया जा सकता है। गैरी कर्स्टन ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के साथ नहीं होंगे और उम्मीद है कि वे कई फ्रेंचाइजी के साथ दुनिया भर में अपनी कोचिंग ड्यूटी पर लौट आएंगे। गैरी कर्स्टन के इस्तीफे से साफ है कि वह अब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम के साथ नहीं होंगे। ऐसे में बड़ा सवाल ये है कि पाकिस्तान का अगला व्हाइट बॉल कोच कौन होगा?

(आईएएनएस)

Shekhar Jha
शेखर झाauthor

शेखर झा टाइम्स नाउ हिंदी (Timesnowhindi.com) की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। वे मूल रूप से बिहार के मिथिलांचल से हैं। मूल रूप से बिहार के मधुबनी के रहने वाले शेखर ने शौकिया तौर पर साल 2011 में पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा। ये शौक वक्त के साथ जूनुन में बदल गया। उनके पास खेल पत्रकारिता का 12 साल का अनुभव है। क्रिकेट के अलावा टेनिस, कबड्डी और बैडमिंटन में खास रुचि है। खिलाड़ियों की बायोग्राफी पढ़ना उन्हें पसंद हैं। शेखर ने सुरेश रैना, संजय बांगड़, दीप्ति शर्मा, राधा यादव जैसे नामचीन भारतीय क्रिकेटरों सहित बैडमिंटन के स्टार भारतीय खिलाड़ियों लक्ष्य सेन, सात्विकसाईराज रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं। शेखर की प्रारंभिक शिक्षा बिहार में हुई। बिहार बोर्ड से 12वीं की परीक्षा पास करने के बाद वो आगे की पढ़ाई के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचे जहां उनका पत्रकारिता से पहला परिचय हुआ। रायपुर के अग्रसेन कॉलेज में ग्रेजुएशन करते हुए पत्रकारिता का काम शुरू किया और इसके बाद रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्धालय से पत्राकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन किया और बतौर प्रोफेशनल अपने करियर की शुरुआत की। शेखर ने पत्रकारिता करियर की शुरुआत साल 2011 में ईटीवी छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश के साथ की। इस संस्थान में 6 महीने काम करने के बाद उन्होंने स्थानीय अखबार नेशनल लुक के साथ प्रिंट मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका समूह के छत्तीसगढ़ संस्करण से जुड़े और वहां तीन साल तक बतौर सब-एडिटर/रिपोर्टर सेवाएं दीं। इसके बाद भारत के सबसे बड़े प्रिंट मीडिया समूह दैनिक भास्कर के डीबी स्टार में रिपोर्टर की भूमिका अदा की और कई बड़े खुलासे स्थानीय स्तर पर किए। इसके बाद अपमे गृह राज्य बिहार की राजधानी पटना में दैनिक जागरण समूह के आईनेक्स्ट वेंचर से जुड़े। 8 महीने के छोटे कार्यकाल के बाद दैनिक भास्कर के रायपुर संस्करण में बतौर रिपोर्टर वापसी हुई। रायपुर में दूसरी पारी के तीन साल के कार्यकाल के सफल निर्वहन के बाद मैनेजमेंट ने भास्कर के भोपाल स्थित नेशनल न्यूजरूम में ट्रांसफर कर दिया। जहां 17 महीने स्पोर्ट्स डेस्क पर बड़े इवेंट्स पर काम किया। इस दौरान इंडियन प्रीमियर लीग, टोक्यो ओलंपिक जैसे बड़े खेल आयोजन का व्यापक कवरेज किया। भास्कर के नेशनल न्यूज रूम में डिजिटल जर्नलिज्म का ककहरा सीखने के बाद फरवरी,2023 में टाइम्स ग्रुप के साथ जुड़ने का मौका मिला। तब से वह टाइम्स नाउ नवभारत की हिंदी वेबसाइट की स्पोर्ट्स डेस्क पर बतौर प्रिंसिपल कॉरस्पान्डन्ट कार्यरत हैं। इस दौरान शेखर ने इंडियन प्रीमियर लीग, आईसीसी वर्ल्ड कप 2023 को कवर किया।

और पढ़ें
End of Article