टी20 क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता ने वनडे क्रिकेट के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर और दुनिया के सबसे सफल फील्डर जोंटी रोड्स ने भी वनडे के भविष्य पर चिंता व्यक्त की है। रोड्स ने मंगलवार को यहां यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) की टीम रॉटरडैम डॉकर्स की जर्सी के लॉन्च के दौरान मीडिया से कहा 'जब टी20 क्रिकेट शुरू हुआ था तब लोग कह रहे थे कि यह टेस्ट क्रिकेट पर दबाव डालेगा और हैरानी की बात है कि ऐसा नहीं हुआ। कुछ टेस्ट मैच में भी कई बार टी20 जैसा क्रिकेट देखने को मिलता है, जिसमें आक्रामक बल्लेबाजी और गेंदबाजी होती है। 50 ओवर का क्रिकेट शायद ऐसा प्रारूप है जो आने वाले वर्षों में मुश्किल में पड़ सकता है क्योंकि इसमें एक नया दर्शक वर्ग और खेल के प्रति अलग नजरिया देखने को मिलता है।’
हालांकि, उन्होंने ये भी माना कि 50 ओवर के फॉर्मेट के बिना क्रिकेट की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने कहा 'हम भाग्यशाली हैं कि 50 ओवर के क्रिकेट के पास ऐसे जुनूनी प्रशंसक हैं जो प्रारूप या संस्करण की परवाह किए बिना अपनी टीम का समर्थन करते हैं।’’
