टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर श्रीलंका के खिलाफ गॉल टेस्ट से पहले अपनी तरफ से कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। यही कारण है कि जब मंगलवार को टीम गॉल के लिए रवाना हुई तो उससे पहले गंभीर ने टीम इंडिया से नेट पर जमकर पसीना बहाया। श्रीलंका स्पिन गेंदबाजों से निपटने के लिए गिल एंड कंपनी ने खास तैयारी की। गंभीर और बाकी सपोर्ट स्टाफ ने सुनिश्चित किया कि खिलाड़ी जितना हो सके श्रीलंका की कंडीशन को समझें और उसे अपना सकें।
कोलंबो में दो एक्स्ट्रा सेशन किए
टीम इंडिया ने कोलंबो में प्रैक्टिस के दो एक्स्ट्रा सेशन किए। अंतिम सेशन में गंभीर ने लीक से हटकर काम किया। नई फ्रेश पिच की जगह टीम इंडिया ने उसी पिच पर प्रैक्टिस की जिसमें 3 दिवसीय वॉर्म-अप मैच खेला गया था। इसके पीछे एकमात्र कारण ये था कि बल्लेबाज समझें कि चौथे दिन पिच कैसा व्यव्हार करती है।
मैच के बैटिंग ऑर्डर को किया फॉलो
इस प्रैक्टिस सेशन में बल्बेबाजों के उसी ऑर्डर को फॉलो किया गया जो मैच में उतर सकती है। पहले जायसवाल और राहुल ने प्रैक्टिस की और उसके बाद देवदत्त पडिक्कल और शुभमन गिल आए। टॉप-4 के बाद ध्रुव जुरेल और ऋषभ पंत ने बैटिंग की। 7वें नंबर पर रवींद्र जडेजा और सरफराज खान ने भी हाथ आजमाए।
सभी 4 स्पिन गेंदबाजों ने की बॉलिंग
भारत की ओर से सभी 4 स्पिन गेंदबाजों ने बॉलिंग की। रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, मानव सुथार और कुलदीप यादव ने रफ पिच पर गेंदबाजी की। तेज गेंदबाज के तौर पर केवल आकिब नबी ने गेंदबाजी की।
ऋषभ पंत का विस्फोटक अंदाज
इस प्रैक्टिस सेशन के दौरान ऋषभ पंत की बल्लेबाजी देखने लायक थी। उन्होंने वॉर्म-अप मैच से एकदम अलग विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी की। उन्होंने इस दौरान 15 छक्के जड़े। आखिरी 9 गेंद में उन्होंने 7 छक्के जड़े। इससे साफ पता चलता है किवह गॉल में इसी अंदाज में खेलते दिखेंगे।
गॉल में भी जारी रहेगा सेशन
गॉल पहुंचने के बाद भी भारतीय टीम कोई लंबा ब्रेक नहीं लेगी। मेहमान टीम 12 और 13 अगस्त को फिर से अभ्यास करेगी, और पहले टेस्ट मैच से एक दिन पहले 14 अगस्त को एक वैकल्पिक अभ्यास सत्र निर्धारित है। पहला टेस्ट मैच 15 अगस्त को गॉल में शुरू होगा। जब तक भारतीय टीम पहले टेस्ट मैच के लिए मैदान पर उतरेगी, तब तक वे श्रीलंका की परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में काफी समय बिता चुकी होगी।
