क्रिकेट

NZ vs SL Test: केन विलियसन ने जड़ा दोहरा शतक, सचिन तेंदुलकर सहित की इन दिग्गजों की बराबरी

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Mar 18, 2023, 10:27 AM IST

NZ vs SL Test: वेलिंगटन में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ रनों का अंबार खड़ा कर दिया है। दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड की तरफ से एक नहीं बल्कि दो दोहरे शतक जड़े गए। पहला दोहरा शतक केन विलियमसन ने बनाया तो हेनरी निकोल्स ने भी अपने करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा।

Image

केन विलियमसन

Photo : Twitter

श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में केन विलियमसन ने अपने टेस्ट करियर का छठा दोहरा शतक जड़ा। उन्होंने कुमार धनंजय की गेंद पर चौका लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। उन्होंने इसके लिए 285 गेंद खेले और 22 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, वह 215 रन बनाकर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर आउट हुए।

कई दिग्गजों के क्लब में शामिल

विलियमसन ने अपनी इस पारी से सचिन तेंदुलकर, मार्वन अट्टापट्टू, वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर, जावेद मियांदाद, युनिस खान, रिकी पॉटिंग जैसे दिग्गज बल्लेबाजों की बराबरी कर ली। हालांकि, इस क्लब के सरताज हैं ऑस्ट्रेलिया के डॉन ब्रैडमेन जिनके नाम केवल 52 टेस्ट मैच में 12 दोहरा शतक बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। एक्टिव खिलाड़ियों की बात करें तो अब उनसे आगे केवल विराट कोहली हैं, जिन्होंने 108 टेस्ट मैच में 7 बार यह कारनामा किया है।

पहले दिन खेल खत्म होने तक विलियमसन 26 रन बनाकर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन उन्होंने 171 गेंद पर अपना 28वां शतक पूरा किया और फिर 285 गेंद पर डबल सेंचुरी जड़ दी।

हेनरी निकोल्स के साथ 363 की साझेदारी

विलियमसन ने हेनरी निकोल्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 363 रन की साझेदारी कर श्रीलंकाई गेंदबाजों को खूब थकाया। हेनरी निकोल्स ने भी 240 गेंद पर 15 चौके और 4 छक्कों की मदद से अपना पहला दोहरा शतक पूरा किया।

मजबूत स्थिति में न्यूजीलैंड

विलियमसन और हेनरी निकोल्स की शानदार डबल सेंचुरी के दम पर न्यूजीलैंड ने दूसरे टेस्ट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। पहली पारी में न्यूजीलैंड ने 4 विकेट के नुकसान पर 580 रन का विशाल स्कोर बनाकर पारी घोषित की है। इन दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 363 रन की साझेदारी की। अब श्रीलंका के सामने न्यूजीलैंड गेंदबाजों के खिलाफ बड़ी चुनौती है कि वह इस बड़े स्कोर का अच्छे से जवाब दे।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article