क्रिकेट

ZIM vs NZ 2nd Test: न्यूजीलैंड ने जिंबाब्वे को दूसरे टेस्ट में पारी और 359 के अंतर से रौंदा, 2-0 से जीती सीरीज

न्यूजीलैंड ने जिंबाब्वे को पारी और 359 रन के अंतर से मात देकर सीरीज 2-0 के अंतर से अपने नाम कर ली है। जानिए कैसा रहा दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे और आखिरी दिन के खेल का हाल।

Image

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BLACK CAPS X)

बुलावायो : न्यूजीलैंड ने शनिवार को दूसरे टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे को पारी और 359 रन से रौंदकर अपनी अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत दर्ज करने के साथ श्रृंखला 2-0 से अपने नाम की। जिम्बाब्वे की टीम 476 रनों से पिछड़ रही थी और न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने तीसरे दिन पहले सत्र में दूसरी पारी में 117 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड ने पहली पारी तीन विकेट पर 601 रन पर घोषित की थी और जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 125 रन बनाए थे।

मैच में डेब्यूटेंट फाउलक्स ने चटकाए 9 विकेट

पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज जकारी फाउलक्स ने पहली पारी में चार विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में 37 रन देकर पांच विकेट लिए। वह अपने यादगार पदार्पण टेस्ट में 10 विकेट लेने से एक विकेट से चूक गए। लेकिन फिर भी फाउलक्स का मैच 75 रन देकर नौ विकेट झटकने का प्रदर्शन टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले न्यूजीलैंड के गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा और उन्होंने पिछले साल हैमिल्टन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विल ओरूर्के के एक मैच में 93 रन देकर नौ विकेट लेने के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया। तेज गेंदबाज मैट हेनरी (16 रन देकर दो विकेट), जैकब डफी (28 रन देकर दो विकेट) और मैथ्यू फिशर (22 रन देकर एक विकेट) ने जिम्बाब्वे को 28.1 ओवर में श्रृंखला में उसके न्यूनतम स्कोर पर आउट कर दिया।

दूसरी पारी में 117 रन पर ढेर हुआ जिंबाब्वे

जिम्बाब्वे के लिए सिर्फ दो बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंच सके। तीसरे नंबर के बल्लेबाज निक वेल्च 71 गेंद पर 47 रन बनाकर नाबाद रहे। कप्तान क्रेग इर्विन (17) दोहरे अंक तक पहुंचने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे। न्यूजीलैंड ने दूसरे दिन के अंत में तीन विकेट पर 601 रन के विशाल स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की थी जिसमें रचिन रविंद्र (नाबाद 165) और हेनरी निकोल्स (नाबाद 150) ने चौथे विकेट के लिए 256 रन की ताबड़तोड़ साझेदारी की। डेवोन कॉन्वे (153) ने भी दो साल से ज्यादा समय बाद अपना पहला टेस्ट शतक बनाया। यह जिम्बाब्वे के खिलाफ न्यूजीलैंड का अब तक का सर्वोच्च स्कोर है।

न्यूजीलैंड ने तोड़ा अपना सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड

न्यूजीलैंड की टेस्ट मैचों में पिछली सर्वश्रेष्ठ जीत भी 2012 में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही थी जब नेपियर में उसने पारी और 301 रन से जीत दर्ज की थी। यह इस साल जिम्बाब्वे की टेस्ट मैचों में लगातार छठी हार भी थी। न्यूजीलैंड ने पिछले हफ्ते इसी मैदान पर पहला टेस्ट तीन दिन के अंदर नौ विकेट से जीता था। यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा नहीं है। लेकिन न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे का अपना दौरा जीत के साथ समाप्त किया क्योंकि उसने जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के साथ टी-20 त्रिकोणीय श्रृंखला भी जीती थी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article