क्रिकेट

मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया पोस्ट से दिया बड़ा संकेत, IPL 2027 में फिर कप्तान बन सकते हैं रोहित शर्मा

Mumbai Indians Hints Rohit Sharma Can Become Captain Again: आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं। मुंबई इंडियंस का एक ताजा सोशल मीडिया पोस्ट ऐसे संकेत देता नजर आ रहा है और फैंस भी यही मानने लगे हैं। क्या हो सकती है इसकी बड़ी वजह, ये भी यहां जानेंगे।

Image

क्या रोहित शर्मा फिर बनने जा रहे हैं मुंबई इंडियंस के कप्तान?

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • इंडियन प्रीमियर लीग
  • मुंबई इंडियंस का सोशल मीडिया पोस्ट क्या संकेत दे रहा है?
  • क्या आईपीएल 2027 में फिर कप्तान बनेंगे रोहित शर्मा

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) के एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने क्रिकेट गलियारों में हलचल मचा दी है। इस पोस्ट के बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा आगामी 2027 आईपीएल सीजन में एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कमान संभाल सकते हैं।

यह सोशल मीडिया पोस्ट मीडिया में आई उन रिपोर्ट्स के कुछ ही घंटों बाद सामने आया, जिनमें यह दावा किया गया था कि रोहित शर्मा एक बार फिर टीम के कप्तान बन सकते हैं और हार्दिक पांड्या की जगह ले सकते हैं।

मुंबई इंडियंस द्वारा शेयर की गई उस तस्वीर में रोहित शर्मा को ताज के साथ दिखाया गया यानी फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें 'किंग' बताया गया है। इसी तस्वीर में अन्य खिलाड़ियों के भी उपनाम (निकनेम) दिए गए हैं। जैसे जसप्रीत बुमराह को 'शेर', ट्रेंट बोल्ट को 'बिजली' और तिलक वर्मा को 'स्टार' बताने का प्रयास किया गया है। जैसे ही यह पोस्ट सामने आया, फैंस ने इस पर तुरंत प्रतिक्रिया दी और 'किंग' वाले संबोधन को रोहित की कप्तानी में संभावित वापसी का बड़ा संकेत माना।

हार्दिक पांड्या के कार्यकाल पर उठे सवाल

उल्लेखनीय है कि 2026 सीजन के समाप्त होने के बाद से ही हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है, क्योंकि उस सीजन में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही थी। जब से हार्दिक पांड्या ने टीम की कमान संभाली है, तब से पिछले तीन सीजन में से दो बार टीम प्लेऑफ के लिए भी क्वालीफाई नहीं कर पाई है। साल 2024 में टीम सबसे आखिरी पायदान पर रही थी, जबकि 2023 के सीजन में वे दूसरे क्वालीफायर से बाहर हो गए थे।

दूसरी तरफ, हार्दिक पांड्या इन दिनों लगातार अपनी चोटों व फिटनेस से जूझ रहे हैं। वो टीम इंडिया से नदारद हैं और कई महीनों से किसी भी फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते नहीं नजर आए हैं।

रोहित शर्मा की बेमिसाल कप्तानी विरासत

रोहित शर्मा का बतौर कप्तान रिकॉर्ड बेहद शानदार और प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने 2013 से 2023 के बीच एक दशक तक मुंबई इंडियंस का सफल नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में ही टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया।

वर्तमान में रोहित संयुक्त रूप से आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान हैं। चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के एमएस धोनी ने भी अपनी कप्तानी में पांच खिताब जीते हैं, और इन दोनों के अलावा आईपीएल में यह कारनामा किसी अन्य कप्तान ने नहीं किया है।

इसके अलावा, रोहित ने 2021 से 2025 के दौरान भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम की पूर्णकालिक कप्तानी करते हुए भी ऐतिहासिक सफलताएं हासिल कीं। उनकी अगुवाई में भारत ने 2024 का टी20 विश्व कप जीता और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी की प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की। साथ ही, उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 2023 के वनडे विश्व कप का फाइनल मुकाबला भी खेला था, जहां दुर्भाग्यवश फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी। महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा ही ऐसे दो भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने इतिहास में एक से अधिक आईसीसी (ICC) ट्रॉफियां जीती हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article