क्रिकेट

बांग्लादेश के विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने तोड़ा 60 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड, जन्मदिन को खास बनाया

Litton Das Breaks World Record: बांग्लादेश अबु धाबी में हुए रोमांचक टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को हराने में तो सफल नहीं हुई और उन्हें ड्रॉ से ही संतोष करना पड़ा। लेकिन उनकी टीम के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने बड़ा कमाल कर दिखाया। लिटन ने 60 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

Image

लिटन दास ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड (X/Bangladeshcricket)

KEY HIGHLIGHTS
  • अफगानिस्तान-बांग्लादेश अबु धाबी टेस्ट मैच
  • अफगानिस्तान ने आखिरी दिन के अंतिम ओवर में टेस्ट ड्रॉ कराया
  • बांग्लादेश के लिटन दास ने 60 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा

AFG vs BAN TEST MATCH: बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज लिटन दास ने अपने 32वें जन्मदिन को खास बना दिया। उन्होंने अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट इतिहास के पन्नों में एक नया अध्याय लिख दिया है। 9 से 13 अक्टूबर के बीच खेला गया यह रोमांचक मुकाबला भले ही ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन लिटन दास का यह प्रदर्शन रिकॉर्ड बुक्स में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है।

बल्ले और विकेटकीपिंग दोनों में किया कमाल

32 वर्षीय लिटन दास ने इस मुकाबले में अपनी शानदार बल्लेबाजी का जौहर दिखाते हुए पहली पारी में 53 रन और दूसरी पारी में एक आक्रामक और सूझबूझ से भरा शतक जड़ा। इसके साथ ही विकेट के पीछे भी उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। उन्होंने पहली पारी में चार कैच लपके और एक स्टंपिंग की, जबकि दूसरी पारी में भी चार बल्लेबाजों को कैच आउट किया। इस तरह उन्होंने मैच में कुल नौ शिकार (डिसमिसल) अपने नाम किए।

रचा इतिहास, टूटा 60 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड

लिटन दास टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने एक ही टेस्ट मैच में शतक और अर्धशतक दोनों बनाने के साथ-साथ विकेट के पीछे नौ खिलाड़ियों को आउट करने में भी सीधी भूमिका निभाई है। इससे पहले यह अनोखा रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के डेनिस लिंडसे के नाम था, जिन्होंने लगभग 60 साल तक इस रिकॉर्ड को अपने पास बनाए रखा था। इसके अलावा, टेस्ट मैच में कुल मिलाकर 150 से अधिक रन बनाने और फील्डिंग के दौरान नौ या उससे ज्यादा डिसमिसल में शामिल होने का कारनामा इससे पहले विश्व क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी ने नहीं किया था।

कई और खास रिकॉर्ड तोड़े

  • सर्वाधिक रनों के साथ सबसे ज्यादा डिसमिसल: एक टेस्ट मैच में नौ या उससे ज्यादा फील्डिंग डिसमिसल करने वाले खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा रन बनाने का पिछला रिकॉर्ड इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो के नाम था। बेयरस्टो ने 2016 में श्रीलंका के खिलाफ लीड्स टेस्ट में 140 रन बनाए थे और आठ डिसमिसल किए थे (हालांकि उन्हें दूसरी पारी में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था)। लिटन दास ने अब इस मामले में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
  • बांग्लादेशी क्रिकेट का नया रिकॉर्ड: लिटन दास ने एक टेस्ट मैच में किसी भी बांग्लादेशी विकेटकीपर द्वारा सबसे ज्यादा डिसमिसल करने का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बना दिया है। उन्होंने खालिद महमूद का रिकॉर्ड तोड़ा है, जो साल 2004 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ सात डिसमिसल में शामिल रहे थे।

अफगानिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए इस टेस्ट मैच का अंत भी बेहद रोमांचक रहा। आखिरी दिन के अंतिम ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए अफगानिस्तान के सिर्फ 2 विकेट गिराने थे लेकिन काइस अहमद (Qais Ahmed) ने इस आखिरी ओवर में ना सिर्फ अंतिम गेंद तक टिके रहने का कमाल किया, बल्कि इस दौरान दो छक्के भी लगा दिए। काइस ने 80 गेंदों में नाबाद 49 रनों की साहसिक पारी खेली और मैच ड्रॉ करा दिया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article