क्रिकेट

IND vs WI: तिलक वर्मा ने अहम T20 मैच से पहले कहा, वेस्टइंडीज को रोकना आसान नहीं, बताया क्या होनी चाहिए रणनीति

IND vs WI 4th T20I, Tilak Varma Statement: वेस्टइंडीज की टी20 टीम ने भारत के खिलाफ सीरीज में अब तक अच्छा प्रभाव छोड़ा है। आलम ये है कि टीम इंडिया भी समझ चुकी है कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों को रन बनाने से रोकना मुश्किल है। आज चौथा टी20 अपने घरेलू मैदान (हैदराबाद) में खेलने से पहले तिलक वर्मा ने विकेट लेने पर जोर दिया। तिलक ने क्या कुछ कहा, यहां जानिए।

Image

तिलक वर्मा ने बताया चौथे टी20 में वेस्टइंडीज के खिलाफ क्या रणनीति होनी चाहिए (Instagram/Windiescricket/Tilakvarma9)

IND vs WI 4th T20I Today: भारतीय उप कप्तान तिलक वर्मा ने मंगलवार को कहा कि भारत को वेस्टइंडीज की विस्फोटक बल्लेबाजी पर अंकुश लगाने के बजाय विकेट लेने पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि पांच मैच की टी20 अंतरराष्ट्रीय शृंखला के चौथे मुकाबले में ही जीत दर्ज कर अजेय बढ़त हासिल करने के लिए गेंदबाजी योजनाओं को सही तरीके से लागू करना महत्वपूर्ण होगा। भारत शृंखला में 2-1 से आगे है और आज (बुधवार) वो जीत से अजेय बढ़त हासिल कर सकता है। वहीं, वेस्टइंडीज की टीम सीरीज में बराबरी करने के इरादे से उतरेगी।

वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत के 249 रन के लक्ष्य को हासिल करके अपनी बल्लेबाजी की ताकत दिखाई थी। उस मुकाबले में कप्तान शाई होप ने 45 गेंद में 102 रन की पारी खेली थी। तिलक ने कहा कि भारत ऐसी टीम के खिलाफ ढिलाई नहीं बरत सकता जिसके आखिरी बल्लेबाज के पास भी बड़े शॉट खेलने की क्षमता है।

तिलक ने चौथे टी20 मैच से पहले कहा, "वेस्टइंडीज बहुत अच्छी टीम है, विशेषकर टी20 प्रारूप में। उसके खिलाड़ी काफी फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलते हैं इसलिए उन्हें इस प्रारूप की अच्छी समझ है। उनकी ताकत अविश्वसनीय है। उनका हर खिलाड़ी बड़े शॉट खेल सकता है। ऐसा नहीं है कि सिर्फ सलामी बल्लेबाज या तीसरे-चौथे नंबर के बल्लेबाज ही ऐसा कर सकते हैं। उनके सभी खिलाड़ी गेंद को अच्छी तरह हिट कर सकते हैं और 11वें नंबर का बल्लेबाज भी आकर बड़े शॉट लगा सकता है। जब तक सभी 10 विकेट नहीं गिर जाते, मैच खत्म नहीं होता। हम ढिलाई नहीं बरत सकते।"

दूसरे मैच में हार के बाद भारतीय गेंदबाजी इकाई की काफी आलोचना हुई थी। वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में तेजी से रन बनाकर मुश्किल लक्ष्य हासिल कर लिया था। तेइस वर्षीय तिलक ने कहा कि टीम ने उस मैच में अपने रक्षात्मक रवैये की समीक्षा की है। मुख्य कोच गौतम गंभीर ने गेंदबाजों को अधिक आक्रामक होने और विपक्षी टीम को हावी होने देने के बजाय विकेट लेने के लिए प्रयास करने की सलाह दी है।

तिलक ने आगे कहा, "दूसरे मैच की शुरुआत में हमने विकेट लेने की कोशिश नहीं की। जब वेस्टइंडीज रन बना रहा था तब हमारा रवैया थोड़ा रक्षात्मक था। लेकिन इसके बाद टीम के तौर पर हमने इस पर चर्चा की। गौतम सर ने भी कहा कि हम विकेट लेने के लिए जा सकते हैं और आक्रामकता दिखा सकते हैं।"

भारत ने इंदौर में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 14 रन से जीत दर्ज कर वापसी की थी। उसने वेस्टइंडीज को 209 रन पर रोक दिया था। हालांकि मेहमान टीम ने आखिरी ओवरों में एक बार फिर तेज बल्लेबाजी की थी। भारत के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के अच्छे फॉर्म में होने के कारण मध्यक्रम को बल्लेबाजी के ज्यादा मौके नहीं मिल रहे हैं। तीसरे नंबर पर 13 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में दो शतक की मदद से 55.37 के औसत और 169.73 के स्ट्राइक रेट से 443 रन बनाने वाले तिलक ने कहा कि वह टीम की जरूरत के मुताबिक अपनी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना पसंद है और मैं कई बार यह बात कह चुका हूं। मैं हमेशा दबाव वाली जिम्मेदारी लेना चाहता हूं। जब टीम को मेरी जरूरत होगी तो मैं आगे आना चाहूंगा। अगर जल्दी विकेट गिरते हैं तो मैं समय लेकर पारी को आगे बढ़ा सकता हूं। लेकिन अगर सलामी बल्लेबाज या शीर्ष तीन बल्लेबाज 14वें या 15वें ओवर तक बल्लेबाजी करते हैं तो मुझे पता है कि पहली गेंद से ही अपने खेल की रफ्तार कैसे बढ़ानी है।"

राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम की दोबारा तैयार की गई पिच पर सामान्य परिस्थितियों से अलग चुनौती मिलने की उम्मीद है। तिलक ने कहा कि भारतीय टीम बल्लेबाजी की रणनीति तय करने से पहले पिच और परिस्थितियों का आकलन करेगी। तिलक ने पिछले मैच में अपने रन आउट होने की घटना पर भी बात की। उस समय उन्होंने और अक्षर पटेल ने गलती से समझ लिया था कि डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग की दिशा में खेला गया शॉट सीमा रेखा पार कर गया है और उन्होंने क्रीज पर वापस लौटने की कोशिश नहीं की और रन आउट हो गए।

तिलक ने कहा, "अक्षर और मुझे दोनों को यही लगा कि गेंद बाउंड्री पार कर गई है इसलिए मैं चलने लगा था। दुर्भाग्य से गेंद अक्षर के छोर पर फेंकी गई। मैंने गेंद नहीं देखी थी। मुझे लगा कि चार रन हो गए हैं इसलिए मैं चलने लगा। लेकिन क्रिकेट में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं।"

चौथा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच तिलक के लिए खास होगा क्योंकि वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलेंगे। उन्होंने कहा कि वह इस मौके को लेकर उत्साहित हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के कई खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा हैं जिनमें अभिषेक शर्मा, इशान किशन और नितीश कुमार रेड्डी शामिल हैं।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article