क्रिकेट

SA vs AUS: तीन साल बाद वापसी करने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने लगा दी रिकॉर्ड्स की झड़ी

Matt Renshaw Creates History: मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने टेस्ट सीरीज के पहले मैच में बड़ी जीत दर्ज करके सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसका सबसे बड़ा श्रेय जाता है 3 साल बाद वापसी करने वाले ऑस्ट्रेलिया बल्लेबाज मैट रेनशॉ को, जिन्होंने वापसी करते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी।

Image

मैट रेनशॉ ने वापसी करते ही बना दिए कई रिकॉर्ड

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • दक्षिण अफ्रीका-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज 2026
  • ऑस्ट्रेलिया ने पहला टेस्ट मैच 214 रनों से जीता
  • तीन साल बाद वापसी करने वाले मैट रेनशॉ ने बनाए कई रिकॉर्ड

SA vs AUS 1st Test: पैट कमिंस की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 214 रनों से हरा दिया है। इस मुकाबले में तीन साल बाद टेस्ट टीम में वापसी करने वाले बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन से कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

खराब शुरुआत से उबारा, खेली शतकीय पारी

मुकाबले की पहली पारी में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मैट रेनशॉ ने 190 रनों की शानदार पारी खेली। एक समय ऑस्ट्रेलियाई टीम 124 रनों पर अपने 6 विकेट गंवाकर गहरे संकट में थी, लेकिन रेनशॉ ने जिम्मेदारी संभालते हुए टीम का स्कोर 390 रन तक पहुंचाया। इसके बाद उन्होंने दूसरी पारी में भी उपयोगी 84 रन बनाए।

बल्लेबाजी के अलावा रेनशॉ ने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाया और मैच की चौथी पारी में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा और काइल वेरिन जैसे अहम बल्लेबाजों के दो विकेट चटकाए।

इतिहास के पन्नों में दर्ज हुआ नाम

इस ऑलराउंड प्रदर्शन के साथ मैट रेनशॉ दक्षिण अफ्रीकी जमीन पर टेस्ट मैच में 250 से अधिक रन बनाने और दो या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड महान दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर जैक कैलिस के नाम था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले रेनशॉ दुनिया के केवल 11वें खिलाड़ी हैं। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह कारनामा करने वाले वे रचिन रवींद्र और वीरेंद्र सहवाग के बाद तीसरे बल्लेबाज हैं।

निचले क्रम पर बल्लेबाजी के खास आंकड़े

दक्षिण अफ्रीका की धरती पर टेस्ट मैच के दौरान पांचवें या उससे निचले क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में रेनशॉ का कुल 272 रनों का स्कोर दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बन गया है। इस फेहरिस्त में उनके आगे केवल इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स हैं, जिन्होंने एक मैच में कुल 284 रन (268 और 26 रन) बनाए थे।

इसके साथ ही, रेनशॉ दक्षिण अफ्रीका में नंबर पांच या उससे नीचे खेलते हुए एक ही टेस्ट मैच में शतक और अर्धशतक जड़ने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले दक्षिण अफ्रीका के डेनिस लिंडसे (1966) और श्रीलंका के कुसल परेरा (2019, डरबन में) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article