क्रिकेट का मैदान हो या लंदन की सड़क, अगर सामने दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी हों, तो रोमांच अपने आप बढ़ जाता है। लेकिन क्या हो, जब ब्रिटेन के राजघराने के प्रिंस भी बल्ला लेकर मैदान में उतर जाएं? लंदन में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब प्रिंस विलियम ने बकिंघम पैलेस के बाहर क्रिकेट के दिग्गजों के साथ स्ट्रीट क्रिकेट (Cricket) खेला। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के खिलाफ भी शानदार शॉट लगाया। इस खास मुकाबले का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
बकिंघम पैलेस के बाहर जमा क्रिकेट
यह खास क्रिकेट मैच लंदन की मशहूर सड़क द मॉल पर आयोजित किया गया। इस जगह की खास बात यह है कि यह बकिंघम पैलेस के ठीक सामने स्थित है। आमतौर पर यहां गाड़ियों की आवाजाही देखने को मिलती है, लेकिन इस बार सड़क पर क्रिकेट का रोमांच देखने को मिला। प्रिंस विलियम पास के सेंट जेम्स पैलेस के गेट से पहुंचे और वहां मौजूद खिलाड़ियों से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने खुद बल्ला थामा और कुछ शॉट खेलने की कोशिश की। बाद में उन्होंने गेंदबाजी में भी अपना हाथ आजमाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
गांगुली समेत ये दिग्गज थे इस मैच में शामिल
इस मुकाबले में इंग्लैंड के जो रूट, भारत के अजिंक्य रहाणे और सौरव गांगुली, वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा और इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन जैसे दिग्गज शामिल हुए। इस कार्यक्रम का आयोजन यूट्यूब पर मशहूर द बैकयार्ड क्रिकेट बॉयज ने किया था।
सौरव गांगुली के खिलाफ लगाया छक्का
इस क्रिकेट मैच का सबसे दिलचस्प पल तब आया, जब प्रिंस विलियम ने बल्लेबाजी करते हुए सौरव गांगुली के खिलाफ छक्का जड़ दिया। क्रिकेट के इतने बड़े खिलाड़ियों के बीच प्रिंस का बल्ला चलाना लोगों के लिए किसी शानदार पल से कम नहीं था। प्रिंस विलियम की बल्लेबाजी देखकर इंग्लैंड के दिग्गज खिलाड़ी जो रूट भी काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि प्रिंस की बल्लेबाजी अच्छी थी और वह गेंदबाज के मुकाबले बेहतर बल्लेबाज लगते हैं। हालांकि, रूट के मुताबिक, उनकी गेंदबाजी में अभी सुधार की गुंजाइश है।
ब्रायन लारा ने कहा- छठे या सातवें नंबर पर कर सकते हैं बैटिंग
वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने भी प्रिंस की तारीफ की। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अपनी टीम में प्रिंस को छठे या सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतार सकते हैं।
सौरव गांगुली ने भी की प्रिंस की तारीफ
भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने प्रिंस विलियम के व्यवहार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रिंस सभी से बेहद दोस्ताना और विनम्र तरीके से मिले। गांगुली के मुताबिक, वह मुस्कुराते हुए लोगों से हाथ मिला रहे थे और सभी के साथ सहज नजर आए।
क्या है अर्थशॉट पुरस्कार?
इस आयोजन का मकसद सिर्फ क्रिकेट खेलना नहीं था। यह प्रिंस विलियम के अर्थशॉट पुरस्कार समारोह की उलटी गिनती का भी हिस्सा था। यह पुरस्कार उन्होंने साल 2020 में शुरू किया था। इसका उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान खोजने वाले नए और प्रभावी विचारों को बढ़ावा देना है। इस पुरस्कार की पांच श्रेणियों में चुने गए विजेताओं को अपनी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रत्येक को 10 लाख पाउंड की राशि दी जाती है। इस तरह लंदन की सड़क पर खेला गया यह मुकाबला क्रिकेट के रोमांच के साथ भारत और ब्रिटेन के रिश्तों को भी खास अंदाज में सामने लाया। प्रिंस विलियम का सौरव गांगुली के खिलाफ छक्का लगाना इस आयोजन का सबसे यादगार पल बन गया।
