शहर

Dewas News: पुलिस हेड कॉन्स्टेबल के ठिकानों पर छापेमारी, आय से 223% फीसद अधिक संपत्ति का खुलासा

Dewas, MP News: देवास और इंदौर में लोकायुक्त ने आज हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान के ठिकानों पर छापा मारा। शुरुआती जांच में 6.26 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का दावा सामने आया है।

Image

देवास में हेड कॉन्स्टेबल के पास आय से 223 फीसद अधिक संपत्ति का खुलासा

Dewas, MP News: मध्य प्रदेश के देवास में लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में हेड कॉन्स्टेबल फिरोज खान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आज यानी बुधवार 14 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीम ने देवास और इंदौर सहित कई स्थानों पर छापेमारी शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिसकर्मी के पास आय से लगभग 223 फीसद अधिक, करीब 6.26 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति होने की बात सामने आई है। कार्रवाई के दौरान आवासीय मकान, फ्लैट, कृषि भूमि और व्यावसायिक भूखंडों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

बता दें कि फिरोज खान वर्तमान में इंदौर के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (PTC) में हेड कॉन्स्टेबल ड्राइवर के पद पर पदस्थ बताए गए हैं। लोकायुक्त को उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और जमीनों के कारोबार में कथित हस्तक्षेप की शिकायत मिली थी। इसके बाद उप-पुलिस अधीक्षक सुनील तालान के माध्यम से शिकायत की जांच कराई गई।

6.26 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का दावा

लोकायुक्त की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी की कुल आय लगभग 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार रुपये आंकी गई है, जबकि लगभग 6 करोड़ 26 लाख 67 हजार रुपये की अनुपातहीन संपत्ति सामने आई है। एजेंसी इसी आधार पर संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही है।

देवास में 11 और इंदौर में 4 ठिकानों पर तलाशी

लोकायुक्त की टीमें देवास में 11 और इंदौर में चार स्थानों पर सर्चिंग कर रही हैं। इनमें आवासीय मकान, अपार्टमेंट में फ्लैट, कृषि भूमि और व्यावसायिक भूखंड शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की मां और पत्नी के नाम पर संचालित फर्मों के जरिए करोड़ों रुपये के लेन-देन और रियल एस्टेट में निवेश की जानकारी भी जांच के दायरे में है।

इसके अलावा, आरोपी की परिचित एक महिला के नाम पर कृषि भूमि का रजिस्टर्ड एग्रीमेंट मिलने की बात सामने आई है। लोकायुक्त ने मामले में उनकी कथित भूमिका के आधार पर उन्हें भी आरोपी बनाया है।

जांच जारी, दस्तावेजों की हो रही पड़ताल

फिलहाल, लोकायुक्त की संयुक्त टीमें विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच कर रही हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और उपलब्ध सुबूतों के आधार पर निकाला जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article