लंदन: न्यूजीलैंड ने रविवार को दूसरे टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन खेल शुरू होने के सिर्फ 48 मिनट बाद इंग्लैंड को 209 रन पर समेटकर ओवल टेस्ट 253 रन के अंतर से अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में पहले टेस्ट में बड़ी जीत दर्ज की थी। तीन मैच की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई है। अब सीरीज का फैसला नॉटिंघम में होने वाले तीसरे और अंतिम मैच से होगा जो गुरुवार से शुरू होगा।
इंग्लैंड को मिला था 463 रन का लक्ष्य
इंग्लैंड ने सुबह पांच विकेट पर 182 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और उसे जीत के लिए 463 रन का मुश्किल लक्ष्य मिला था। जीत के लिए उसे 281 रन और बनाने थे। लेकिन तेज गेंदबाज मैट हेनरी (29 रन देकर छह विकेट, मैच में कुल 11 विकेट) ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों को पिच पर नहीं टिकने दिया और आखिरी पांच विकेट झटक लिए। सटीक गेंदबाजी करने वाले हेनरी ने अपने शानदार स्पेल से सबको प्रभावित किया। उन्होंने पहली पारी में 80 रन देकर पांच विकेट झटके थे। इस तरह उन्होंने मैच में 109 रन देकर कुल 11 विकेट हासिल किए जो इंग्लैंड के खिलाफ किसी न्यूजीलैंड गेंदबाज का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन है। हैनरी ने अपने 35वें टेस्ट में पहली बार मैच में 10 विकेट लेने का कारनामा भी किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: IND vs ENG: एक दिन पहले शतक और 24 घंटे बाद टीम से हो गए बाहर, जायसवाल के साथ हो गया खेल
पांचवें दिन 48 मिनट में हेनरी ने चटकाए 5 विकेट
जो रूट ने अपने कल के 75 रन में सिर्फ दो रन और जोड़े और हैनरी की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने रिव्यू लिया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ और 145 गेंदों पर 77 रन बनाकर पवेलियन लौट गए जिससे इंग्लैंड की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई। हेनरी एक ही टेस्ट में रूट और हैरी ब्रूक (58 रन) दोनों को दो-दो बार आउट करने वाले पहले गेंदबाज बने। न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के दौरों के 95 साल में अपनी सातवीं जीत हासिल की और ’द ओवल’ पर यह उनकी दूसरी जीत थी। इससे पहले उन्हें 1999 में जीत मिली थी।
(भाषा)
